परी के लिए मंत्री पंवार से मिली सामाजिक संस्था

10/13/2015 10:21:08 AM

पानीपत (संदीप): परी को अनाथालय न भेजने, परी और कविता की जल्द डी.एन.ए. रिपोर्ट स्वास्थ्य प्रशासन को सौंपने की मांग को लेकर आज सामाजिक संस्था ने राज्य सरकार के परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार से बातचीत की। सामाजिक संस्था ने मंत्री पंवार से परी के लिए गुहार लगाते हुए कहा कि परी को प्रशासन अनाथ न करे, परी को डी.एन.ए. रिपोर्ट आने तक सिविल अस्पताल में ही रखा जाए।

टीम आवाज का कहना है कि डी.एन.ए. टैस्ट के लिए ब्लड सैंपल लिए हुए 13 दिन हो चुके हैं, अब चंडीगढ़ पी.जी.आई. को मामले की गंभीरता को देखते हुए डी.एन.ए. रिपोर्ट सौंप देनी चाहिए थी। प्रशासन के ढीले रुख के कारण परी अभी तक मां के आंचल से दूर है अगर ऐसे ही प्रशासन मामले में ढिलाई बरतता रहेगा तो परी को जल्द मां की गोद नसीब नहीं हो पाएगी।

मंत्री पंवार ने सामाजिक संस्था की मांग पर कहा कि परी के मामले को हरियाणा सरकार ने गंभीरता से लिया है। परी और महिला कविता के डी.एन.ए. टैस्ट की रिपोर्ट के लिए वे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द पी.जी.आई. चंडीगढ़ से रिपोर्ट लेने की कोशिश की जाएगी। वहीं सिविल सर्जन इंद्रजीत धनखड़ का कहना है कि परी अब बड़ी हो चुकी है।

परी को अब बीमार नवजातों के मध्य में रखना उचित नहीं है। वह चाहते है कि परी को अब जल्द से जल्द अनाथालय भेज दिया जाए। इसके लिए वह मंगलवार को दोबारा उपायुक्त के नाम पत्र लिखेंगे। पत्र के जरिये उपायुक्त से मांग की जाएगी कि जल्द से जल्द परी को सिविल अस्पताल से स्थानांतरित करके अनाथालय भेजा जाए। सिविल सर्जन का कहना है कि अभी तक परी के रहने और स्वास्थ्य संबंधित जिम्मेदारी उनकी है, परी को बीमार नवजातों के बीच में रखना उसके स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है।