सरेराह पिटती रही महिला और तमाशबीन बने रहे पुलिसकर्मी, डी.एस.पी. सस्पैंड

2/11/2019 12:24:27 PM

पानीपत(संजीव): हरियाणा पुलिस के सेवा सुरक्षा और सहयोग के नारे की खिल्लियां उड़ाती एक शर्मनाक तस्वीर रविवार को जी.टी. रोड पर उस समय सामने आई, जब 2 थानों व 2 चौकियों के बीच एक महिला को उसका पति सरेआम पीटता रहा और कानून के रखवाले मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे। महिला ने अपनी सुरक्षा के लिए दौड़कर एक पुलिस वाले के पैर तक पकड़े, लेकिन आरोप है कि पुलिस वाले ने कोई एक्शन नहीं लिया। हालांकि बाद में महिला से मारपीट करने वाला उसका पति मौके पर भीड़ जमा होती देखकर फरार हो गया। राहगीरों ने महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।

इस मामले में देर रात एस.पी.ओ. राजकुमार को सिस्पैंड कर दिया गया है। इस सम्बंध में डी.एस.पी. मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि इस प्रकरण में एस.पी.ओ. सिस्पैंड करने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार को स्काईलार्क के सामने उस समय स्थिति अजीबोगरीब हो गई, जब एक महिला से झगड़ा कर रहे उसके पति ने देखते ही देखते उसे ताबड़तोड़ पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के दौरान नाक से छुटी नकसीर से महिला लहूलुहान हो गई। प्रत्यक्षदॢशयों के अनुसार सामने चौक पर तैनात एक पुलिस वाले को देखकर महिला ने दौड़कर उसके पैर पकड़कर सुरक्षा की गुहार लगाई, लेकिन खाकी ने उसकी सुरक्षा करना गवारा नहीं किया। तभी एक महिला ने जब बीच सड़क महिला को पीटते देखा तो उसने इसका विरोध किया, जिसे देखकर अन्य राहगीर भी महिला के पक्ष में खड़े हो गए।

जिन्हें देखकर आरोपी पति मौके से भाग गया। राहगीर महिला ने घायल को ऑटो रिक्शा में बिठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। घायल महिला का आरोप है कि उसका पति उसे मायके से पैसे लाने के लिए दबाव देता है और इसी के चलते उसके साथ मारपीट की गई है। वह देवी मंदिर के नजदीक स्थित अपने मायके से आ रही थी कि पति ने उसके साथ सरेबाजार मारपीट की है। पुलिस कर्मी यह कहकर अपना पल्ला झाड़ते दिखे कि यह इनका घरेलू मामला है। यहां बड़ा सवाल यह है कि क्या कानून किसी व्यक्ति को अपनी पत्नी को यूं सरेबाजार पीटने की इजाजत देता है, यदि नहीं तो पुलिस कर्मी ने महिला का बचाव क्यों नहीं किया। यदि राहगीर बीच-बचाव न करते तो महिला को ज्यादा गंभीर चोट आ सकती थी।

Deepak Paul