पति के नशे की अादत अाैर दहेज से परेशान नव विवाहिता ने जान दी

10/10/2015 12:48:46 PM

पानीपत,(अनिल कुमार सैनी) : गांव बबैल की एक नव विवाहिता पूनम ने फांसी लगा कर जान दे दी। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है कि शादी को मात्र 7 माह हुए थे और तभी से वह उसे दहेज़ के लिए प्रताड़ित करते थे। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच  शुरू कर दी है। 

सोनीपत जिले की रहने वाली पूनम की शादी पानीपत के गांव बबैल में हुई थी। शादी बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे दहेज़ के लिए प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का आरोप है की शादी से पहले पूनम का पति दीपक किसी प्रकार का नशा नहीं करता था, लेकिन शादी के बाद वह सभी प्रकार के नशे करने लगा। दहेज़ के लिए पूनम को तंग करता था।  इससे वह काफी परेशान रहती थी।  बीते दिन पूनम ने फांसी लगा कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। 
पूनम के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर दहेज़ हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले पूनम को जहरीला पदार्थ खिलाया गया,उसके बाद उसे फांसी पर लटकाया गया।  मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल में लाया गया। पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।