कपड़ों की गांठ के नीचे दबा व्यापारी, मौत

1/21/2019 3:42:05 PM

पानीपत(संजीव): ज्योति नगर के एक गोदाम में 1500 किलो वजन की 3 गांठों के नीचे दबने से एक कपड़ा व्यापारी की मौत हो गई। हादसे के दौरान गोदाम में काम कर रहे अन्य श्रमिकों में भगदड़ मच गई और गांठों के नीचे दबे व्यक्ति को निकालने के प्रयास शुरू कर दिए। परंतु जब तक नीचे दबे व्यक्ति को बाहर निकाला गया, तब तक वह दम तोड़ चुका था। गांव मारर थाना जिला छपरा बिहार निवासी धर्मनाथ ने बताया कि वह हाल में रघुवीर नगर, दिल्ली में रहता है। वह पुराने कपड़े का अपने साथी राजकुमार के साथ खरीदकर बेचने का काम करता है।

गत दिवस वह राजकुमार के साथ पुराना कपड़ा खरीदने के लिए पानीपत की ज्योति कालोनी में सुनील कुमार के गोदाम पर आए हुए थे। दोपहर बाद वह दूसरे गोदाम नूरवाला में चला गया, जबकि राजकुमार ज्योति कालोनी में सुनील के गोदाम पर कपड़े छांटने लगा। उसके पास शाम 6 बजे के करीब सुनील ने फोन पर सूचना दी कि राजकुमार को चोट लग गई है। जब वह गोदाम पर पहुंचा तो उसका साथी राजकुमार उसे नहीं मिला। फिर उसे सुनील ने फोन पर बताया कि वेद प्रकाश अस्पताल में आ जाओ। जब वह उक्त अस्पताल में पहुंचा तो राजकुमार वहां भी नहीं मिला।

गोदाम व अस्पताल में भी राजकुमार का कोई सुराग नहीं लगा तो वह पानीपत के सिविल अस्पताल में पहुंचा तो वहां देखा कि राजकुमार को अस्पताल के डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। धर्मनाथ ने आरोप लगाया कि उसके साथी की मौत गोदाम के मालिक सुनील कुमार की लापरवाही के कारण हुई है। कपड़े की गांठ ऊपर गिरने के कारण ही राजकुमार की मौत हुई है। पुलिस ने मामल दर्ज कर लिया है। इस मामले की सूचना मिलते ही थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची और बारीकी से मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने धर्मनाथ के बयानों के आधार पर आरोपी गोदाम मालिक सुनील के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Deepak Paul