किसानों को बीरेंद्र सिंह की सलाह, गुटबाजी भुलाकर इकट्ठे होकर करें काम

2/14/2016 3:31:37 PM

पानीपत (सुरजीतखर्ब/राजेश): छोटूराम को दोनों देशों भारत व पाकिस्तान में पहले भी पूजा जाता था तथा आज भी पूजा जाता है। दोनों देशों में संयुक्त पंजाब व अब का पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, हरियाणा का किसान ही देश का पेट पाल रहा है जो छोटूराम को आज भी पूजता है। यह बातें केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कही। वे यहां किसानों के मसीहा चौधरी छोटूराम की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आए हुए थे। इस मौके पर छोटूराम के नाती व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि किसान भवन परिसर में छोटूराम विचार मंच की ओर से देश के सबसे प्रसिद्ध मूर्तिकार द्वारा बनाई गई छोटूराम की मूर्ति स्थापित की जाएगी।

उन्होंने किसान भवन में बनाए जाने वाले भोजनालय के लिए 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन भी दिया। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि गरीब और कमेरा वर्ग के लिए छोटूराम ने जो काम किया उससे किसान वर्ग की हालत और सुदृढ़ हुई है। संयुक्त पंजाब के अंदर किसानों की 17 लाख हैक्टेयर भूमि साहूकारों के पास गिरवी थी। उस गिरवी जमीन को वापस दिलाकर उन्होंने जा कार्य किया वह अपने आप में बहुत ही प्रेरणादायक है। आज के समय में उत्तरी भारत का किसान छोटूराम का नाम श्रद्धा और सम्मान के साथ लेता है।

उन्होंने कहा कि छोटूराम ने किसानों के बच्चों की शिक्षा के लिए फंड बनाया ताकि किसानों के बच्चे उच्च स्तर की पढ़ाई कर सकें। हरियाणा और पंजाब दोनों प्रदेश खाद्यानों के भंडार हैं। गेहूं और चावल का 72 प्रतिशत उत्पादन दोनों प्रदेशों से किया जाता है। किसानों के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं चलाई हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों को चाहिए कि वे आपसी गुटबाजी भुलाकर इकट्ठो होकर काम करें। आने वाला समय किसानों के लिए अच्छा है।

किसानों की भलाई के लिए ठोस बातें की जाएंगी। वे स्वयं स्वामीनाथन रिपोर्ट के पक्षधर हैं, इसके लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से बात भी करेंगे। कार्यक्रम में बोलते हुए पानीपत ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा ने कहा कि छोटूराम कोई साधारण व्यक्ति नहीं थे। उन्होंने आम आदमी को आगे बढऩे की सीख दी। जहां-जहां उनकी बातों पर अमल हुआ वहां-वहां प्रगति संभव हो पाई है। शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी ने कहा कि छोटूराम ने किसानों की आवाज बुलंद करने और उनको अपने हक के बारे में लडऩा सिखाया।
 

रोहिता रेवड़ी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान हितैषी सरकार है। उन्होंने किसान भवन के लिए 11 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता जगबीर आर्य ने की। इस मौके पर पंजाब किसान यूनियन के प्रधान अजमेर सिंह, भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रमोद विज, सुरेंद्र रेवड़ी, जयकरण कादियान, किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रत्न सिंह मान, जिला उप प्रधान बिंटू मलिक, यशपाल मलिक, भूपेंद्र सिंह समेत सभी ब्लाकों के प्रधान आदि उपस्थित थे।