वी.आई.पी. एरिया में आखिर कब मिलेगी लोगों को गंदगी से निजात

4/20/2019 12:58:57 PM

समालखा(राकेश) : शहर के वार्ड नंबर 1 में स्थित पड़ाव एरिया को वी.आई.पी. एरिया के नाम से जाना जाता है, लेकिन इस एरिया को गंदगी से मुक्ति नहीं मिल पा रही। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर व नाले व गलियों की सफाई न होने के कारण जहां आसपास में रह रहे लोगों का जीना हराम हो रहा है। वहीं आमजन को भी आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि पिछले करीब डेढ़ माह से हाथ रेहड़ी कर्मचारी कूड़ा-कर्कट उठाने के लिए नहीं आ रहा, कर्मचारी की कहीं और ड्यूटी लगा दी गई है।

कर्मचारियों की मानें, तो उनका कहना है कि सफाई दरोगा उनकी ड्यूटी सुबह के समय शहर के रेलवे रोड पर लगा रहा है। जिस कारण ये समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे पहले पालिका के पूर्व चेयरमैन व इसी वार्ड के पार्षद अशोक कुच्छल ने भी वार्ड की साफ-सफाई का मुद्दा उठाया था। जिसको लेकर उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को शिकायत भी दी थी, लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया। शुक्रवार को समस्या को लेकर न.पा. सचिव को अवगत कराया।

जिस पर सचिव ने दरोगा को तलब करते हुए समाधान करने के दिशा-निर्देश दिए। मिली जानकारी के अनुसार पड़ाव एरिया वासी राजेश, अनिल, प्रवीन, भीम, अरविंद, राजेंद्र, बिजेंद्र, दीपक, सतीश, राकेश आदि ने बताया कि पड़ाव एरिया को वी.आई.पी. एरिया के नाम से जाना जाता है, लेकिन एरिया में साफ-सफाई का बुरा हाल है। कई दिनों तक गंदगी के ढेर व नालों व गलियों की सफाई न होने के कारण बदबू फैल जाने से आसपास के लोगों का जीना हराम हो गया है।

उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर एरिया में महिला कर्मचारियों से बात की गई, तो उनका एक ही जवाब है कि दरोगा उनकी ड्यूटी शहर के मेन बाजार में लगा रहा है। जिस कारण साफ-सफाई देरी से हो रही है। सफाई देरी से होने के कारण दुकानदारों ने इसका विरोध किया है। इससे पहले समस्या को लेकर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन एवं वार्ड 1 के पार्षद अशोक कुच्छल ने वार्ड की समस्या को लेकर नगर पालिका अधिकारियों का अवगत करवाया था।

kamal