पत्नी को अश्लील फिल्में देखने के लिए किया मजबूर

2020-11-30T01:14:07.657

पानीपत, (संजीव नैन) : करीब साढ़े चार साल पहले शादीशुदा एक महिला ने अपने पति पर उसे अश्लील फिल्में देखने व अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। महिला ने पति पर गांव की ही अन्य महिला से अवैध संबंध रखने सहित ससुराल पक्ष के 5 अन्य लोगों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। जिस पर थाना समालखा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
थाना समालखा क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव निवासी 28 वर्षीय महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब साढ़े 4 साल पहले थाना सनौली क्षेत्र के अंतर्गत गांव निवासी नीरज से हुई थी। जिसमें ससुर की मांग के अनुसार उसके पिता ने रोके पर 1 लाख व सगाई पर 2.51 लाख रुपए नगद दिए तथा शादी में भी वैगन-आर गाड़ी सहित अन्य सामान दहेज में दिया था। लेकिन शादी के बाद से ही पति, सास, देवर द्वारा उस पर होंडा सिटी कार देने के लिए दबाव दिया जाने लगा। इसीलिए उस पर मायके से 5 लाख रुपए नकद लाने का दबाव बनाया गया तथा मांग पूरी करवाने के लिए उसे आरोपियों ने मारा-पीटा तथा घर से बाहर निकाल दिया। जिस पर कुछ दिनों बाद ही उसके पिता ने पांच लाख रुपए उसकी सास को दे दिए तथा उसे ससुराल छोड़ आया। जिसके बाद आरोपियों ने उसे कुछ दिनों तक ठीक रखा परंतु उसके बाद उनका व्यवहार फिर बदलने लगा तथा लगातार उसका उत्पीडऩ जारी रहा।
बाक्स
बच्चे को नाजायज बताकर की मारपीट
जब वह दो महीने की गर्भवती थी तो सास व देवर ने उस पर उस पर आरोप लगाने शुरू कर दिए कि उसके गर्भ में पल रहा बच्चा उनका नहीं है बल्कि उसके कहीं पर नाजायज संबंध हैं। जब इस मुद्दे पर बात हो रही थी तो उसी समय उसका ताऊ ससुर, ताऊ सास व ननद भी वहीं पर आए गए। योजनाबद्ध तरीके से सास ने उसके बाल पकड़ लिए व बाकी अन्य ने उसके साथ मारपीट की व यह कहकर उसे घर से निकाल दिया कि वह मायके से 10 लाख रुपए लेकर आएगी तभी उसे घर में रखा जाएगा।
बाक्स
पति पर लगाया अवैध संबंधों का आरोप
महिला का आरोप है कि उसके साथ मारपीट करके घर से निकालने के पीछे पति की सहमति थी, क्योंकि पति के गांव की एक महिला के साथ नाजायज तालुकात हैं, जिसके चलते पति उससे पीछा छुड़वाना चाहता है। ससुराल पक्ष द्वारा घर से निकाले जाने के बाद बेटी का घर बसा रहे इसीलिए पिता ने 10 लाख रुपए नकद न देकर 300 वर्ग गज का एक प्लाट दिसम्बर 2019 में उसके नाम पर खरीदा। इसी दौरान वह मार्च के दो सप्ताह तक मायके में रही तथा वहीं पर बेटे को जन्म दिया। बाद में रिश्तेदारों के कहने पर पिता उसे ससुराल में छोड़ आया। जहां पर पति, सास व देवर ने उससे 10 लाख रुपए के बारे में पूछा तो उसने प्लाट के बारे में जानकारी दी। जिस पर आरोपी शांत हुए।
बाक्स
नशे में पति बनाता है अप्राकृतिक संबंध
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति हर प्रकार का नशा करने का आदी है तथा नशा करने के बाद उसे अश्लील फिल्मे देखने के लिए मजबूर करता है, साथ ही उसके साथ अनेक बार जबरदस्ती अप्राकृतिक सम्बध बनाता है। जिसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता है व जान से मारने की धमकी देता है। पति यह भी धमकी देता है कि उसे उसकी जरूरत नहीं है। पति रात भर टेलीफोन पर गांव की ही एक औरत से बात करता है और कई बार रातभर घर पर भी नही आता। जिससे उसकी गृहस्थी पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है तथा बार-बार समझाने पर भी पति नहीं मान रहा है।
बाक्स
ताऊ ससुर पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि गत मार्च माह में मायके से ससुराल आने के बाद से करीब एक माह तक उसका ताऊ ससुर कई बार पति की गैर-हाजिरी में उसके कमरे में आ जाता था तथा उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगता था। आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। लेकिन उसके शोर मचाने पर आरोपी भाग जाता था। आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि इस घर में रहना है तो जैसा वह कहता है वैसा करना पड़ेगा। जब उसने ताऊ ससुर की हरकतों के बारे में पति व सास को बताया तो सास ने उल्टा उसके ऊपर ही इल्जाम लगाने शुरू कर दिए जबकि पति ने उसकी शिकायत को अनसुना कर दिया। गत अप्रैल माह में पति ने उस पर 300 वर्ग गज के प्लाट को उसके नाम करवाने पर जोर दिया। उसके मना करने पर पति, सास, देवर, ताऊ ससुर व ताई सास ने मिलकर उसकी डंडों से जमकर पिटाई की तथा उसे घर से निकाल दिया। आरोपियों ने धमकी दी है कि यदि वह बिना दस लाख रुपए लिए आई तो वह उसे जान से मार देंगे। पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी है।

रिपोर्ट : संजीव नैन, पानीपत।

Content Editor

Sanjeev Nain