सड़क हादसे में एक्टिवा सवार महिला घायल

7/14/2019 2:03:07 PM

पानीपत (सौरव): जी.टी. रोड पर देवी लाल पार्क के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से एक्टिवा सवार महिला के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। हादसे में महिला के पति को भी मामूली चोटें आई हैं। घायल महिला को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। वहीं महिला के पति की शिकायत पर थाना सैक्टर 13-17 पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 

घेर अराइयां निवासी कृष्ण लाल ने पुलिस को बताया कि गत 8 जुलाई को सुबह करीब साढ़े 7 बजे वह तथा उसकी पत्नी सुनीता देवी देवी लाल पार्क से सैर करके निकले थे तथा एक्टिवा पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे कि टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर पीछे से एक कार का चालक अपने वाहन को तेज रफ्तार से चलाता हुआ आया और सीधे उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। जिससे वह दोनों एक्टिवा सहित सड़क पर जा गिरे। 

हादसे में उसकी पत्नी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं जबकि उसे भी मामूली चोटें लगी हैं। उसने पत्नी को तुरन्त इलाज के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने सिटी स्कैन की सलाह दी। लेकिन अस्पताल की मशीन खराब होने के चलते उसने पत्नी को मॉडल टाऊन स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया है।

Isha