लुधियाना में बेखौफ बदमाशों का कहर, बाइक सवार युवक को घेर सरेआम दिया वारदात को अंजाम

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 10:59 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में लुटेरों और झपटमारों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब राह चलते लोगों से सरेआम लूटपाट की वारदातें आम बात हो गई हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला जै सिंह नगर इलाके से सामने आया है, जहां घात लगाए बैठे आधा दर्जन बेखौफ बदमाशों ने एक बाइक सवार युवक को घेरकर जबरन उसका मोटरसाइकिल और नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके के लोगों में भारी दहशत का माहौल है।

मामले की शिकायत पुलिस को देते हुए पीड़ित राहुल कुमार ने बताया कि बीती 28 मई को वह किसी काम के सिलसिले में अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकला था। उसका मोटरसाइकिल काले रंग का स्प्लेंडर है। जब वह जै सिंह नगर में स्थित आरएस हौजरी फैक्ट्री के बिल्कुल नजदीक पहुंचा, तो अचानक पीछे से आए तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 6 अज्ञात युवकों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। पीड़ित के अनुसार, इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता या शोर मचाता, हथियारों के बल पर बदमाशों ने उसे डराया-धमकाया और जबरदस्ती उसका स्प्लेंडर मोटरसाइकिल छीन लिया। 

इतना ही नहीं लुटेरे उसके पास मौजूद एक बैग भी झपट कर ले गए, जिसमें करीब 1100 रुपए की नकदी और कुछ जरूरी कागजात थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने वाहनों पर सवार होकर पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए। पीड़ित ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने मुद्दई के बयानों के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News

static