अपराधी के निशाने पर थी मोदी की रैली, पंजाब के पूर्व सीएम सहित कई लोग बन चुके हैं शिकार

punjabkesari.in Wednesday, Oct 16, 2019 - 06:26 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (ब्यूरो): धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में लोगों को टारगेट बनाने से पहले ही एक जेब कतरा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जेब काटने के मामले में यह युवक मोस्ट वांटेड की श्रेणी में है, क्योंकि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल समेत अब यह कुल 680 लोगों की जेब पर हाथ साफ कर चुका है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह नशे के लिए यह काम करता है। उसके पास पैसे खत्म हो गए थे, इसलिए प्रधानमंत्री की रैली में लोगों की जेब काटने के मकसद से आया था। फिलहाल, अदालत में पेश किए जाने के बाद इसे जेल भेज दिया गया है।

आरोपी की पहचान अंबाला के जगाधरी गेट निवासी नीतिक कुमार के रूप में हुई है। कुरुक्षेत्र की एसपी आस्था मोदी ने बताया कि 12 अक्टूबर को गांव नूरपुर बुच्ची निवासी प्रगट सिंह ने थाना इस्माईलाबाद में जेब कटने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह 9 अक्टूबर को गुरुद्वारा मांडी साहिब नगर कीर्तन में शामिल होने गया था। माथा टेकते वक्त किसी ने जेब काट ली और पर्स चुरा लिया। उसमें चार हजार रुपए और आधार कार्ड था।

एसपी की मानें तो इस मामले की जांच जारी थी, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के चलते बीते दिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसी बीच जिला पुलिस की अपराध शाखा-2 की टीम ब्रह्मसरोवर के पास गश्त कर रही थी तो एक संदिग्ध को पकड़ा। पुलिस पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह एक जेबकतरा है। उसकी निशानदेही पर प्रगट सिंह का आधार कार्ड व दो हजार रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए।
उसने बताया कि कुरुक्षेत्र में उसने एक ही वारदात की थी। इसके अलावा एक बड़ा खुलासा आरोपी ने यह भी किया कि वह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की भी जेब काट चुका है। बात वर्ष 2007-08 की है, जब प्रकाश बादल मुख्यमंत्री थे और मंडी गोबिंदगढ़ में खेलों का उद्घाटन करने आए थे। उसी दौरान भीड़ का फायदा उठाते हुए भारी सुरक्षा के बीच बादल की जेब से 23 हजार रुपए गायब किए थे।

अब तक कुल कितने लोगों को शिकार बना चुका, जब इस संबंधी सवाल किया गया तो आरोपी नीतिक ने कहा कि उसने अब तक लगभग 680 लोगों की जेबें काटी हैं। वहीं आरोपी ने बताया कि वह वह नशे की लत के चलते जेब काटता रहा है। उसके पास पैसे खत्म हो गए थे, इसलिए अब कुरुक्षेत्र में मंगलवार को प्रधानमंत्री की रैली में जुटने वाली भीड़ के मद्देनजर यहां आया था। एसपी मोदी ने बताया कि फिलहाल आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसेजेल भेज दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static