नलवी को प्रधान बनाने पर भड़के झींडा समर्थक, पूर्व CM बादल पर लगाए संगीन आरोप

4/11/2017 12:32:13 PM

चंडीगढ़ (उमंग श्योराण):हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी प्रधान पद का विवाद एक बार फिर से बढ़ गया है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की कमान दीदार सिंह नलवी को सौंपे जाने को लेकर पंचकूला जिले के झींडा समर्थक सिख समुदाय के लोग खासे आक्रोश में नजर आए। विरोध स्वरूप इन सिख समुदाय के लोगों ने जगदीश सिंह झींडा में अपनी आस्था व्यक्त की। उन्होंने एक मीटिंग की और प्रस्ताव पारित कर फैसला लिया कि किसी भी हालत में जगदीश सिंह झींडा व हरियाणा के सिखों से अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। 

भविष्य में भी झींडा ही चलाएंगे कमेटी:HSGPC 
रतन सिंह,चेयरमैन धर्म प्रचार कमेटी HSGPC ने कहा कि जो हुकम अकाल तख्त ने  किया है। झींडा जी ने उसे परवान करते हुए हरियाणा के सिखों का मान सम्मान बढ़ाया है। हम सबकी उनमें आस्था है और उन पर लगाए सभी आरोप निराधार व झूठे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे झींडा में आस्था रखते हैं। भविष्य में भी कमेटी झींडा ही चलाएंगे, उसके लिए चाहे हमे कोई भी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे और हम सब झींडा के साथ हैं जो भी वो हुक्म देंगे मान्य होगा और हम प्रदेश में शांति व अमन चाहते हैं। 

HSGPC ने पूर्व CM बादल पर लगाए संगीन आरोप
HSGPC पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर साजिश रचने के आरोप लगाए है। उन्होंने कहा कि बादल सिखों को आपस में लड़ाना चाहते हैं, ताकि सिख विवाद में फसे रहे और हम हरियाणा के गुरुद्वारों पर काबिज रहें। उनका आरोप है कि इन गुरुद्वारों से होने वाली सौ करोड़ की हर महीने की आमदन भी बादल हड़प कर रहे हैं और कोई पैसा हरियाणा के सिखों के काम व विकास के लिए नहीं देते। सारा पैसा पंजाब की राजनीति में लगाया जाता है। इतना ही नहीं मुलाजिम भी पंजाब से ही रखे जाते हैं। 

बता दें कि हाल ही में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जगदीश झींडा को पद से हटा दिया गया है। वहीं नए प्रधान दीदार सिंह नलवे ने शपथ भी ले ली है। कमेटी की आपात बैठक में प्रधान झींडा को हटाकर अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल के समर्थक वरिष्ठ उपप्रधान दीदार सिंह नलवे को प्रधान बना दिया गया। इस मौके पर दर्जनों सिख समुदाय के शर्धालू बलबीर सिंह, दविंदर, सिंह इन्दर सिंह,  बलवंत सिंह पिंजौर, रंजीत सिंह, जसवंत सिंह आदि उपस्थित थे।