Lockdown3.0: हरियाणा और पंजाब के इन जिलों से चलाई जाएंगी 4 स्पेशल ट्रेनें, रेलवे की तैयारी पूरी

5/5/2020 4:15:35 AM

चंडीगढ़ (धरणी): कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच भारतीय रेलवे विभिन्न राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने की तैयारी में है। इसी क्रम में उत्तर भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर व चंडीगढ़ में अटके मजदूरों को उनके घर पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया गया है। इस बारे में जानकारी मिली है कि पंजाब और हरियाणा से चार-चार स्‍पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे अधिकारियों से बातचीत कर दोनों राज्य सरकारों ने यह भी निश्चित कर लिया है कि पहले चरण में किन-किन स्टेशनों से स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

हरियाणा के अंबाला, रोहतक, हिसार, भिवानी व रेवाड़ी से ट्रेनों को चलाया जाएगा। वहीं पंजाब के लुधियाना, जालंधर, बठिंडा, अमृतसर से स्पेशल ट्रेनें रवाना होंगी। इसके अलावा चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से भी ट्रेन चलाने की योजना है। सभी ट्रेनें बिहार, झारखंड व उत्तर प्रदेश, आदि राज्यों के लिए चलेंगी। पहली ट्रेन लुधियाना से रांची तक चलाने के लिए झारखंड सरकार से एनओसी मिल चुकी है। जिस-जिस राज्य से एनओसी मिलेगी उसी राज्य के लिए रेलवे ट्रेन रवाना करेगा।

सूत्रों के अनुसार हरियाणा सरकार ने इन पांच स्टेशनों के अलावा रेवाड़ी, दादरी, नारनौल, महेंद्रगढ़ आदि जिलों से भी ट्रेन चलाए जाने का का प्रस्ताव दिया है, लेकिन अभी इसे रेलवे ने मंजूर नहीं किया।  स्पेशल ट्रेन में 18 कोच स्लीपर, 4 सामान्य और एसएलआर के होंगे। सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए एक डिब्बे में 50 से 54 तक यात्री ही सवार होंगे। स्टेशन पर सिर्फ उन्हीं लोगों को एंट्री मिलेगी, जो पूर्ण रूप से जांच प्रक्रिया से निकल चुके होंगे।

स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी राज्यों की होगी। ट्रेनों में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की ड्यूटी लगाई जाएगी जो ट्रेन में रहेंगे। ये स्पेशल ट्रेनें नॉन-स्टॉप होंगी, जो सिर्फ एक ही गंतव्य रूकेंगी। स्लीपर कोच में बीच वाली सीट पर किसी को सवार नहीं होने दिया जाएगा। यात्रियों को ट्रेन में ही खाना परोसा जाएगा। एक ट्रेन में करीब 1200 यात्री ही सवार होंगे।

एनओसी मिलने के बाद चलेगी स्पेशल ट्रेन
अंबाला रेल मंडल के प्रबंधक (डीआरएम) जीएम सिंह ने कहा कि रेलवे ने पूरी तैयारी कर ली है। हरियाणा और पंजाब के लिए चार-चार स्टेशन तय हो चुके हैं। जिस राज्य में ट्रेन को चलाना है वहां की राज्य सरकार की एनओसी मिलने के बाद स्पेशन ट्रेन रवाना होगी।

इस तरह होगी स्टेशनों पर एंट्री
यात्रियों को स्टेशन तक राज्य सरकार सैनिटाइज गाड़ी में पहुंचाएगी। स्टेशनों से पहले और अंदर सभी की थर्मल जांच होगी। यात्रियों की मेडिकल जांच भी होगी। जांच के बाद प्रमाण पत्र दिया जाएगा। हाथ पर मुहर भी लगाई जा सकती है। सभी यात्रियों को मुंह ढकना या मास्क लगाना अनिवार्य होगा। राज्य सरकार रेलवे को लिस्ट देगी कि कौन-कौन यात्री इसमें सवार होगा।

Shivam