डेरे में हर दरवाजे पर जंजीरों में जकड़ी मिली काल देवता की मूर्ति

9/6/2017 10:28:47 PM

सिरसा/चंडीगढ: सिरसा आश्रम में मीडिया ने राम रहीम की सब्जी की दुकान का भी जायजा लिया। डेरे के अंदर ही सब्जी और फल उगाए जाते थे। राम रहीम फल और सब्जी को हाथ लगाता था जिसके बाद उनकी नीलामी की जाती थी। उसका हाथ लगने के बाद एक आलू हजारों रुपए में बिक जाता था। उसके डेरे के बाहर हर दरवाजे पर काल देवता की जंजीरों में जकड़ी हुई मूर्ति लगी हुई मिली है जिसके बारे में यह कहा जाता है कि उसने काल को अपने वश में किया हुआ है। 
हनीप्रीत, आदित्य का कोई सुराग नहीं
जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा के पंथ प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के 2 करीबी हनीप्रीत और आदित्य अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। पुलिस उनका कोई सुराग नहीं लगा पा रही है। पुलिस दोनों की तलाश में मुम्बई और नेपाल के नजदीकी इलाकों में छापे मार रही है। पुलिस को उम्मीद है कि दोनों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

डेरा सिरसा सौदा ने जमा नहीं करवाए बचे हथियार
डेरा सच्चा सौदा ने जिला जिला प्रशासन के आदेशों के बावजूद अब तक सभी हथियार जमा नहीं करवाए हैं। जिला उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने डेरा सच्चा सौदा को 1 सितम्बर तक अपने हथियार जमा करवाने के निर्देश दिए थे। आदेशों के बाद डेरा प्रबंधन की ओर से अब तक 2 किस्तों में कुल 33 ही हथियार जमा करवाए गए हैं। पुलिस रिकार्ड के अनुसार डेरा के नाम पर 67 हथियार पंजीकृत हैं लेकिन अभी तक केवल 33 हथियार ही सामने जमा करवाए गए हैं। 

हनीप्रीत को ढूंढना सरकार का काम नहीं: जैन 
भाजपा मीडिया इंचार्ज राजीव जैन ने कहा कि डेरा सामाजिक संगठन के तौर पर काम करेगा तो वे भविष्य में भी वोट मांगने डेरे पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि हनीप्रीत को ढूंढना सरकार का काम नहीं है। कानून अपना काम कर रहा है।