बंदूक के बल पर युवक से 3.45 लाख लूटे

5/28/2017 2:22:17 PM

रेवाड़ी (वधवा):ऑटो में सवार होकर घर जा रहे एक युवक से हथियारों से लैस बाइक सवार 2 बदमाश 3.45 लाख रुपए लूट कर फरार हो गए। यह वारदात बीती रात को नगर के सर्कुलर रोड पर हुई। सूचना पाते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।

समाचारों के अनुसार जिला के गांव रोहड़ाई निवासी अजीत एम-वे कम्पनी में काम करता है। उसने बीती रात को नगर सर्कुलर रोड स्थित बी.एम.जी. मॉल के पास से अपने गांव जाने के लिए एक ऑटो किराए पर लिया। ऑटो चालक कर्मवीर जब सिविल अस्पताल के पास से गुजर रहा था तो बाइक सवार 2 बदमाशों ने ऑटो को जबरन रुकवा लिया और बंदूक दिखाकर अजीत को बाहर निकाला। अजीत के पास 3.45 लाख रुपए व एक लैपटॉप था। 

बदमाश नगदी व लैपटॉप लूटकर फरार हो गए। तत्पश्चात अजीत ने शहर थाना पुलिस को इस वारदात की सूचना दी। सूचना पाते ही डी.एस.पी. जमाल खान व गोकल गेट पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। जांच अधिकारी धर्मबीर ने कहा कि पुलिस अब आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का कोई सुराग मिल सके। इधर, शहर में हो रही वारदातों से लोगों में भय का माहौल है।