छात्रा से दुष्कर्म करने का आरोपी काबू, सहयोग करने पर पिता भी गिरफ्तार

3/21/2020 2:06:58 PM

रेवाड़ी : जाटूसाना थाना क्षेत्र की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने बीती शाम गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी पीड़िता के ही गांव का रहने वाला है। उसका आरोप है कि दुष्कर्म में उसके पिता का भी सहयोग रहा। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। जाटूसाना थाना एस.एच.ओ. सर्वेष्ठा ने कहा कि एक छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके पिता का एक दोस्त उसे कालेज में छोडऩे व लेने के लिए जाता था।

कालेज आने-जाने के दौरान वह उसके साथ जबरदस्ती करता था। एक दिन वही उसे खेतों में सुनसान जगह ले गया तथा दुष्कर्म का प्रयास किया परंतु उसने किसी तरह वहां से भागकर अपने आप को बचाया। फरवरी माह में वह घर पर अकेली थी और वह घर में घुस आया। उसने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। 

पीड़िता के अनुसार 13 मार्च की रात वह अपने भाई के साथ घर पर थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुस आया तथा उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। उसने व उसके भाई ने विरोध किया तो उसने उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बारे में उसने अपने पिता व आरोपी की पत्नी को बताया तो उन दोनों ने भी उसके साथ ही मारपीट की। आखिर में परेशान होकर उसने बृहस्पतिवार को जाटूसाना थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर बीती रात ही दुष्कर्म करने वाले आरोपी तथा दुष्कर्म में सहयोग करने वाले पिता को भी गिरफ्तार कर लिया है। 

इधर, इस मामले में रहस्योद्घाटन हुआ कि छात्रा की मां की हत्या भी उक्त दोनों आरोपियों ने की थी। इसकी शिकायत अब छात्रा के दादा ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसकी पुत्रवधू की 19 जनवरी 2019 को मौत हो गई थी। उस समय मौत का कारण दौरा पडऩा बताया गया था और बिना पोस्टमार्टम के ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था। जबकि उसकी मौत नहीं, हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने उक्त दोनों आरोपियों व एक महिला सहित 6 के खिलाफ हत्या का भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Isha