बेटी से दुष्कर्म करने का आरोपी जेल भेजा

8/11/2019 4:06:43 PM

रेवाड़ी (वधवा): पिता द्वारा बार-बार अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने से दुखी होकर वह घर छोड़कर चली गई। जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पिता ने किसी अज्ञात पर ही उसके अपहरण का आरोप लगा डाला। यह भेद उस समय खुला जब बरामद की गई लड़की ने पिता पर ही दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।  यह मामला थाना खोल के अंतर्गत आता है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि लड़की 8वीं कक्षा की छात्रा है और 16 जुलाई को वह घर से स्कूल गई थी। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटी तो पूछताछ के बाद पता चला कि वह स्कूल गई ही नहीं थी।   


उसके पिता ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसकी बेटी का किसी ने अपहरण किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। यह मामला जिला पुलिस अधीक्षक नाजनीन भसीन के जब संज्ञान में आया तो उन्होंने इसकी गंभीरता को समझते हुए छात्रा को जल्दी बरामद करने के आदेश सी.आई.ए. को दिए। सी.आई.ए. रेवाड़ी पुलिस ने लड़की को ढूंढ निकाला। बरामदगी के बाद लड़की ने पुलिस को दिए अपने बयानों में सभी को चौंका दिया। उसने बताया कि उसके घर से भागने का कारण उसका पिता है। वह उसके साथ कई  बार दुष्कर्म कर चुका है। जब वह दुखी हो गई तो उसे घर छोड़कर जाना पड़ा। पुलिस ने उसके बयान पर पिता के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। लड़की को धारूहेड़ा स्थित आशा किरण में भेज दिया गया है। 

Isha