मुख्यमंत्री ने जनता को सी.एम. विंडो का हथियार दिया : अजीत

11/9/2017 12:57:44 PM

कनीना:प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का महेंद्रगढ़ जिले में 2 दिन के प्रवास की संभावना के चलते निगरानी कमेटी की ओर से किए जाने वाले कार्य में तेजी आ गई है। कमेटी सदस्यों की ओर से अपने कार्य का अवलोकन करने व जनहित से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए तेजी से प्रक्रिया चलाई जा रही है। मुख्यमंत्री 12-13 नवम्बर को महेंद्रगढ़ जिले के संभावित दौरे पर रहेंगे। इसी के दृष्टिगत आज गतदिवस को निगरानी कमेटी के सदस्यों की ओर से कनीना में पंचायत समिति कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया जिसमें भिवानी-महेंद्रगढ़ लोक सभा चुनाव क्षेत्र के संयोजक अजीत सिंह कलवाड़ी, अटेली विधान सभा के संयोजक सूबेदार मुनिलाल शर्मा, मामन सिंह दोंगड़ा अहीर, सत्यवीर रामबास, रणसिंह खेड़ी, मंडल अध्यक्ष हनुमान सिंह सेहलंगिया की ओर से सरकार द्वारा जारी जनहित योजना पर बारीकी से मंथन किया। 

अजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से आमजन को सी.एम. विंडो का ऐसा हथियार दिया है जिससे उनकी समस्या का तत्परता से समाधान होता है। सी.एम. विंडो पर आई शिकायतों का मुख्यमंत्री द्वारा अवलोकन किया जाता है उसके बाद अधिकारियों व कमेटी सदस्यों के माध्यम से समाधान किया जाता है।लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। सी.एम. विंडो पर आने वाली समस्याओं के समाधान एवं आमजन को राहत प्रदान करने के लिए निगरानी कमेटी के सदस्यों को भी अधिकारियों के साथ सहयोग किया जा रहा है। जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए उनके द्वारा कड़ी का कार्य किया जा रहा है। अटेली हलका निगरानी कमेटी के चेयरमैन सूबेदार मुनिलाल शर्मा ने कहा कि 

हरियाणा सरकार जनता की समस्याओं का समाधान को लेकर प्रतिबद्ध है। सी.एम. विंडो के माध्यम से सालों पुरानी समस्याओं का समाधान किया गया है। इससे पूर्व की सरकारों में आमजन सी.एम. तक शिकायत नहीं पहुंचा पाता था। उस समय सी.एम. तक शिकायत पहुंचाना बड़ी बात थी लेकिन आज प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जनता को यह हथियार देकर सराहनीय कार्य किया है। सी.एम. विंडो की शिकायतों पर निर्धारित समय अवधि में कार्रवाई नहीं की जाती है तो संबंधित अधिकारी की कोताही मानी जाती है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। जनता मुख्यमंत्री की पहल से राहत महसूस करने लगी है। इस मौके पर निगरानी कमेटी के सदस्य उपस्थित थे।