दिल्ली-बीकानेर सुपरफास्ट हादसा: अब जी.आर.पी. करेगा कार्रवाई

12/7/2017 11:25:31 AM

सतनाली मंडी(मनोज):रेवाड़ी-सतनाली-सादुलपुर रेलखांड पर गतदिवस को नांवा हाल्ट स्टेशन पर 12457 दिल्ली-बीकानेर सुपरफास्ट के साथ हुए हादसे के बाद आज रेलवे के जी.आर.पी. डी.एस.पी. फरीदाबाद महेंद्र सिंह के नेतृत्व में जी.आर.पी., आर.पी.एफ. लोहारू व रेवाड़ी की टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारियां व तथ्य जुटाए। गौर रहे कि आर.पी.एफ. ने अब तक की जांच व तथ्यों के  प्रकाश में मामला संज्ञेय अपराध का पाए जाने पर उच्चाधिकारियों की अनुशंसा पर यह केस अब जी.आर.पी. को हस्तांतरित कर दिया है जिसके बाद आज जी.आर.पी. व आर.पी.एफ. की संयुक्त टीम ने मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारियां एकत्रित की। 

दूसरी ओर, हादसे के कारण क्षतिग्रस्त रेल लाइन पर रेलवे के कर्मचारी आज भी काम में जुटे रहे हालांकि हादसे के कुछ ही घंटों बाद रेलवे कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लाईन पर यातायात बहाल कर दिया था और यहां से धीमी गति से गाडिय़ां निकाली जा रही हैं। हादसे में कुछ स्लीपर क्षतिगस्त हो गए जिन्हें बदलने का काम जारी है। दूसरी ओर, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर की कम्पनी ए.वी.जी. लॉजस्टिक प्राइवेट लिमिटेड के कुछ अधिकारियों ने आज नांवा स्टेशन के घटनास्थल का मुआयना किया। आर.पी.एफ. लोहारू प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि अब तक की जांच व तथ्यों के  प्रकाश में मामला संज्ञेय अपराध का पाए जाने पर उच्चाधिकारियों की अनुशंसा पर जी.आर.पी. को हस्तांतरित कर दिया 

गौरतलब है कि अलसुबह सतनाली के नांवा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर फंसे सामान से भरे कंटेनर से  12457 दिल्ली-बीकानेर सुपरफास्ट से टक्कर हो गई थी और हादसे के बाद आर.पी.एफ. लोहारू ने कंटेनर के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जी.आर.पी. थाना रेवाड़ी प्रभारी रणबीर सिंह मलिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपराधिक नजर आ रहा है इसलिए रेलवे के कानून के अनुसार अब आगे की जांच जी.आर.पी. ने शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद से जी.आर.पी. डी.एस.पी. महेंद्र सिंह के नेतृत्व में जीआरपी व आर.पी.एफ. लोहारू व रेवाड़ी की टीम ने नांवा रेलवे स्टेशन का दौरा कर घटनास्थल से आवश्यक जानकारियां व तथ्य जुटाए हैं, जो तथ्य सामने आएंगे आगे की कार्रवाई की जाएगी।