रेप का आरोप लगाकर कोर्ट में मुकरी महिला, केस दर्ज

10/15/2017 4:11:52 PM

रेवाड़ी (वधवा): गांव कंहाैरी स्थित एक बैंक के 3 कर्मचारियों पर लोन दिलवाने के नाम पर रेप का मुकद्दमा दर्ज करवाने वाली महिला अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश फलित शर्मा की कोर्ट में अपने बयानों से मुकर गई। उसके बाद कोर्ट ने महिला व उसके पति के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दे दिया। महिला थाना पुलिस ने आरोपी दम्पति के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांव कंहाैरी निवासी एक महिला ने गांव में ही स्थित एक ग्रामीण बैंक के 3 कर्मचारियों के खिलाफ रेप का आरोप लगाते हुए इसी साल 21 जनवरी को महिला थाने में केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसके बाद रेवाड़ी के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश फलित शर्मा की कोर्ट में मामले को लेकर कई दौर की सुनवाई हुई लेकिन गवाही का समय आने पर महिला अपने बयानों से मुकर गई। 2 दिन पूर्व न्यायाधीश ने मामले को झूठा मानते हुए महिला व उसके पति मुख्त्यार सिंह के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। महिला जांच अधिकारी अमलेश देवी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी दंपति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। उन्हें जल्द ही काबू भी कर लिया जाएगा।