धोखाधड़ी कर पैसे हड़पने का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

10/24/2016 11:41:59 AM

रेवाड़ी (वधवा): बावल पुलिस थाना व रेवाड़ी पुलिस ने धोखाधड़ी कर डीजल के पैसे हड़पने वाले नई दिल्ली के पश्चिम विहार निवासी शशि वर्मा को गिरफ्तार किया है। 

 

जांचकर्त्ता जसवंत सिंह ने बताया कि बावल के जयसिंहपुर खेड़ा स्थित पैट्रोल पंप मालिक अश्विनी वर्ष 2012 में शशि वर्मा से मिला था। शशि ने अश्विनी से कहा कि उसका काफी ट्रांसपोर्टर्स से सम्पर्क है तथा वह उसे काफी मात्रा में कमीशन पर डीजल बिकवा देगा। वह उसके बहकावे में आ गया और डीजल की बिक्री बढ़ाने के लिए कमीशन एजैंट रख लिया और कुछ दिन दोनों पक्षों के बीच ठीक कार्य चलता रहा लेकिन जून 2015 में कुछ गाड़ियों ने तेल लेना अचानक बन्द कर दिया। 

 

अश्विनी ने बताया कि उसके पंप से शशि वर्मा द्वारा विभिन्न ट्रासंपोटर्स को लगभग 62.91 लाख रुपए का तेल दिलवाया गया, लेकिन पैसे नहीं दिए गए। जब शशि से संपर्क किया गया तो उसका फोन बंद था। अश्विनी उसके घर गया तो उसने 40 लाख रुपए उसके पम्प पर भिजवा दिए लेकिन बाकी पैसों को लेकर वह आनाकानी करने लगा। जिस पर अश्विनी ने शशि के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शशि को बीती शाम गिरफ्तार कर लिया।