स्कूल को अपग्रेड करने की मांग पर भूख हड़ताल पर बैठी 3 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी

5/14/2017 3:03:41 PM

रेवाड़ी(गंगाबिशन):छेड़छाड़ की शिकार छात्राओं द्वारा जिला के  गांव गोठड़ा टप्पा डहीना के स्कूल को अपग्रेड करने की मांग को लेकर 10 मई से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी 10 छात्राओं में से शुक्रवार की रात 12 बजे 3 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें रात को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।  सुबह अस्पताल से दवाई लेकर लौटी तीनों छात्राएं दोबारा धरना स्थल पर पहुंच गई और भूख हड़ताल शुरू कर दी। स्कूल अपग्रेड करने का यह मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है। इनकी मांग को जहां आसपास के ग्रामीणों का समर्थन मिल रहा है, वहीं नेताओं ने भी धरना स्थल पर पहुंचना शुरू कर दिया है। छात्राओं को कहना है कि वे अपनी मांग को पूरा करवाकर रहेंगी। उसके लिए चाहे उन्हें कुर्बानी ही क्यों ने देनी पड़े। स्कूल अपग्रेड करवाकर ही वे धरने से उठेंगी। छात्राओं के साथ गांव के सरपंच सुरेश चौहान भी हड़ताल पर बैठे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए धरना स्थल पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। 

जानकारी के अनुसार गोठड़ा टप्पा का स्कूल 10वीं तक होने के कारण विद्यार्थियों को 11वीं व 12वीं की शिक्षा के लिए 3 किलोमीटर दूर गांव कंवाली जाना पड़ता है। छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में आते-जाते समय रास्ते में असामाजिक तत्व उनके साथ छेड़छाड़ करते हैं। अभिभावक परेशान होकर अपनी बेटियों को गांव से दूर नहीं भेजना चाहते हैं और उनकी पढ़ाई को बीच में ही छुड़वा रहे हैं। 

सरपंच सुरेश सैनी का कहना है कि उसने गांव के स्कूल को 12वीं तक करने की मांग कई बार प्रशासन व सम्बंधित अधिकारियों से की लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। धरने पर बैठने से पूर्व भी उन्होंने एस.डी.एम. कुशल कटारिया व जिला शिक्षा अधिकारी धर्मबीर बल्डोदिया से मिले थे और हड़ताल की जानकारी दी थी। लेकिन प्रशासन फिर भी नहीं चेता। हड़ताल पर बैठी छात्राओं की तबीयत बिगड़ रही है। अगर छात्राओं को कुछ भी हुआ तो इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को मौके पर कोसली के विधायक विक्रम सिंह यादव, डी.एस.पी. सतपाल सिंह, एस.डी.एम. कुशल कटारिया पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्कूल को अपग्रेड करने के लिए कुछ शर्तें होती हैं, उन्हें पूरा कर 2 स्कूल को अपग्रेड कर दिया जाएगा। 

स्कूल अपग्रेड होने के बाद ही उठेंगे धरने से
भूख हड़ताल पर बैठी छात्रा सुजाता ने कहा कि उनका धरना व भूख हड़ताल 24 घंटे दिन और रात जारी है। शुक्रवार की रात 12 बजे 3 छात्राओं शीतल, तन्नु व निकिता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें डहीना के पी.एच.सी. ले जाया गया। जहां उपचार के बाद पुन: धरना स्थल पहुंच गई है। मांग पूरी होने तक कोई भी छात्रा अनशन तोडऩे को तैयार नहीं है। 

धरना स्थल पर पहुंची डाक्टर टीम
मामले की गंभीरता व बाहरी गर्मी को देखते हुए धरना स्थल पर डाक्टरों की टीम पहुंच गई है। उन्होंने हड़ताल पर बैठी छात्राओं का चैकअप किया। डाक्टरों ने बताया कि कुछ छात्राओं को बी.पी. कम हो रहा है, वहीं कुछ में शूगर की कमी पाई गई है। छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के आसार ज्यादा हैं। इसके लिए धरना स्थल पर एक एम्बुलैंस खड़ी कर दी गई है। 

भूख हड़ताल पर बैठी यह छात्राएं
शनिवार को अपनी मांग को लेकर छात्रा सुजाता, सरिता, शीतल, तन्नू, अनामिका, पूजा, निकिता, अंजलि, लक्ष्मी आदि हड़ताल पर बैठी हैं। उनके अभिभावक व सरपंच भी उनका साथ दे रहे हैं।