रेहड़ी जब्त की तो निगल लिया जहर

10/16/2016 10:50:20 AM

रेवाड़ी (वधवा): नगर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नगर परिषद द्वारा हटाई व जब्त की गई रेहड़ियों के एक चालक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। मूलरूप से यू.पी. का रहने वाला 28 वर्षीय नितिन जैन परिवार के साथ मोहल्ला बास सीताबराय में किराए पर रह रहा था। परिवार में उसके अलावा मां, पत्नी व एक भाई है। भाई मानसिक रूप से परेशान है। 

नितिन पुरानी सब्जी मंडी में रेहड़ी लगाकर परिवार पाल रहा था। कुछ दिनों पूर्व उसने अपनी पत्नी के इलाज के लिए 20 हजार रुपए ब्याज पर लिए थे जो किस्तों पर लौटाने थे। आरोप है कि नगर परिषद टीम ने 2 बार रेहड़ी पलट दी। इस कारण वह रोजाना की किस्त भी नहीं जमा करवा पाया। इसके चलते उसने 12 अक्तूबर की शाम घर में ही जहर निगल लिया। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उसने बीती रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

सिटी एस.एच.ओ. कर्मबीर खटाना ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। शुरूआती जांच में सामने आया है कि नितिन पर कुछ कर्जा था और वह अतिक्रमण हटाओ अभियान के चलते रेहड़ी नहीं लगा पा रहा था।