बाईपास को पार करेगी नांगल चौधरी रोड के ओवरब्रिज की लम्बाई
punjabkesari.in Saturday, Nov 23, 2019 - 04:33 PM (IST)

नारनौल(पवन): नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव रायमलिकपुर से तैयार हो रहा नैशनल हाईवे नंबर-148 ढाणी बाठोठा तक बनेगा। यहां से भांखरी गांव तक यह रोड जाएगा। इस दौरान नारनौल शहर के अंदर नांगल चौधरी रोड पर रेल फाटक नंबर-46 पर ओवरब्रिज का निर्माण एन.एच.ए.आई. ने 45 करोड़ में तैयार करेगी।
इस ओवरब्रिज की लम्बाई 1600 मीटर है लेकिन अब इंजीनियरों को इसकी लम्बाई को 200 मीटर और बाईपास को पार करने के मंत्री ओमप्रकाश यादव ने निर्देश दिए है। ऐसा होने से बाईपास पर बने चौराहे को भी कवर किया जा सकेगा और ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर होगी। इसी मुद्दे को लेकर मंत्री ने एन.एच.ए.आई. से जुड़े अधिकारी व इंजीनियरों की शुक्रवार बैठक ली।
इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश यादव के समक्ष इंजीनियरों ने कहा कि ओवरब्रिज की बाईपास साइड सड़क से ऊंचाई अढ़ाई फीट ऊपर रहेगी। इससे दुर्घटना होने के चांस ज्यादा रहेंगे। इंजीनियरों ने इस बात को बकायदा नक्शा में भी दिखाया। मंत्री ने पी.डब्ल्यू.डी. विभाग के एक्स.ई.एन. सच्चन यादव से भी इस बाबत बातचीत की। अधिकारियों से मंत्री ने नक्शे में तैयार ओवरब्रिज को समझा।
इसके बाद मंत्री ने निर्देश दिए कि ओवरब्रिज की लंबाई 1600 से बढ़ाकर करीब 1800 मीटर की जाए। बढऩे वाली साइट बाईपास की ओर हो ताकि बाईपास के पास चौराहा भी इसमें कवर हो जाए। ऐसा होने से चौराहे पर दुर्घटनाओं पर लगाम लगेगा और ओवरब्रिज से भी वाहन आसान से आवागमन कर सकेंगे। मंत्री की यह बात सुनने के बाद अधिकारियों ने कहा कि इसकी मंजूरी उच्चाधिकारियों से लेनी होगी। मंत्री ने कहा कि ओवरब्रिज की लम्बाई बढ़ाने की मंजूरी उन्हें चाहे केंद्र या राज्य सरकार ने लेनी पड़ी तो वह मंजूरी लेंगे। यह क्षेत्र की मुख्य समस्या है, इसे बिल्कुल भी अनदेखा नहीं किया जाएगा। गंभीरता से इस काम को अमलीजामा पहनाया जाएगा।