हरियाणा का नारनौल जिला शिमला से भी ठंडा, तापमान 5 डिग्री दर्ज

12/5/2019 3:27:02 PM

रेवाड़ी: हरियाणा का नारनौल जिला बुधवार को सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से भी एक डिग्री सेल्सियस कम है। यहां के लोगों को अभी ठंड से राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो-तीन दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा और हलका कोहरा छाया रहेगा।

वहीं दूूसरी ओर लगातार चौथे साल भारतीय मौसम विज्ञान (आइएमडी) ने सर्दी के तीन महीनों में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहने का पूर्वानुमान लगाया है। वर्ष 2018 वैश्विक स्तर पर सबसे गर्म मौसम था। इस साल भी न्यूनतम तापमान एक प्रतिशत से कम की बढ़ोतरी के साथ सामान्य से अपेक्षाकृत गर्म रहेगा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दिसंबर से फरवरी तक कोर शीतलहर वाले क्षेत्रों में सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान रहेगा। 

हरियाणा के साथ ही पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना के अलावा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख और महाराष्ट्र कोर शीतलहर क्षेत्रों में आते हैं। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक तीन महीनों में सर्दी तो खूब पड़ेगी, लेकिन यह अपेक्षाकृत कम रहेगी। शीतलहर से भी थोड़ी सी राहत मिलने की संभावना है।

कहां कितना रहा पारा

शहर  न्यूनतम
नारनौल 5
अंबाला   6
कुरुक्षेत्र 6
हिसार 6
रोहतक 6
करनाल 7
भिवानी 7
पंचकूला 8
चंडीगढ़ 8
गुरुग्राम 8
पानीपत 8

Edited By

vinod kumar