संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत

9/15/2019 3:29:16 PM

महेंद्रगढ़ (मोहन): गांव रसूलपूर के एक युवक का शव गांव नांगलमाला की बणी में संदिग्ध अवस्था में पुलिस ने बरामद किया है। मृतक की मां मीरा देवी पत्नी विजय कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शुक्रवार रात 9 बजे बालाजी उर्फ सोमवीर पुत्र सुरेश कुमार उसके घर से पानी की बोतल लेकर उसके बेटे दीपक को अपने साथ ले गया। 5 मिनट के बाद ही वह अपने पुत्र को बुलाने के लिए घर से बाहर गई तो घर के सामने काले रंग की गाड़ी खड़ी थी। 

बेटे को आवाज लगाकर वह अपने घर में चली गई। पीड़िता ने बताया कि उसने अपनी बेटी के छुछक के लिए 20 हजार रुपए रखे हुए थे, वह पैसे भी बेटे दीपक के पास थे। रात भर बेटे के इंतजार में बैठी रही लेकिन बेटा घर नहीं आया। आज सुबह नांगलहरनाथ का एक लड़का घर पर आकर दीपक के बारे में पूछने लगा। उसने बताया कि कनीना पुलिस से समाचार मिला कि गांव नांगलमाला की बणी में एक शव पड़ा हुआ मिला है। जब पीड़िता ने गांव के लोगों को अपने साथ ले जाकर वहां देखा तो मृतक उसका बेटा था। पुलिस द्वारा मृतक का शव उपनागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में लाया गया। समाचार लिखे जाने तक मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था।

Shivam