शोरूम में पिस्तौल के बल पर डकैती

2/10/2019 12:17:35 PM

महेंद्रगढ़(परमजीत/ मोहन): नगर के परशुराम चौक पर स्थित रेमंड के शोरूम हरियाणा टेलर्स व डैपर्स पर बीती शुक्रवार की रात लगभग 9 बजकर 10 मिनट पर 3 नकाबपोश बदमाश हथियार के दम पर हजारों की नकदी लूट ले गए। प्राप्त जानकारी अनुसार गाड़ी में सवार होकर 3 नकाबपोश बदमाश आए जिनमें से 2 के हाथों में पिस्टल थी। अंदर घुसते ही एक नकाबपोश ने शोरूम पर बैठे दुकानदार के लड़के मनीष रोहिला के बंदूक लगाकर गल्ले व जेब में रखे 38 हजार रुपए लूटे। दूसरे बदमाश ने वहां बैठे परिवार के ही दूसरे लड़के पर पिस्टल तानकर उसको शोरूम के नीचे वाले हिस्से में ले गया और उसकी जेब में जो भी पैसे थे वे लूट लिए। उसके बाद बदमाश धमकी देते हुए वहां से भाग गए। उसके बाद वे मसानी चौक पर एक नाई की दुकान पर पहुंचे जहां हरियाणा टे्रलर के मालिक ब्रजलाल शेविंग करवा रहा था। उन्होंने उस पर भी पिस्टल लगाया 28 हजार रुपए व जरूरी कागजात के साथ-साथ उसके छोटे लड़के सिद्धार्थ का मोबाइल भी लूट कर ले गए। यह सारा वाक्या शोरूम पर लगे सी.सी.टी.वी. में कैद हो गया।

 परन्तु नकाबपोश बदमाश सी.सी.टी.वी. के साथ शोरूम में लगा वाईफ ाई अपने साथ उखाड़ ले गए। वहां से भागते समय उपस्थित आस पास के लोगों ने उनकी गाड़ी का नंबर भी नोट किया जो सफेद रंग की जायलो गाड़ी बताई जा रही है। घटनास्थल पर मौका मुआयना कर रहे डी.एस.पी. सतेन्द्र कुमार ने बताया की पुलिस अपराधियों की शिनाख्त के लिए नगर के सी.सी.टी.वी. खंगाल रही है जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शोरूम के मालिक ब्रजलाल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ  लूट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

Deepak Paul