मामूली बात को लेकर चली गोली, 2 महिलाएं घायल

10/19/2016 5:30:29 PM

रेवाड़ी (वधवा): रेवाड़ी में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चले हैं कि फायरिंग की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार की सुबह फिर शहर के दिल्ली गेट स्थित गोल चक्कर पर बाइक सवार 3 बदमाशों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोली दीवार में लगी लेकिन गोली के छर्रे 2 महिलाओं को जा लगे। जिससे वे घायल हो गईं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नगर के गोल चक्कर पर रहने वाली एक युवती माधवी सुबह आई.टी.आई. जाने के लिए घर से निकली थी। उसके भाई अजय कुमार ने आई.टी.आई. जाने से विरोध किया तो उनमें कहासुनी हो गई और तभी वहां से गुजर रहे बाइक सवार युवकों में से एक ने अजय से कहा कि लड़की को क्यों धमका रहा है। इस बात पर युवती के भाई व बाइक सवारों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद बदमाश वहां से चले गए और कुछ देर बाद अपने साथियों को लेकर आए। बदमाशों ने आते ही तबाड़तोड़ भाई पर फायरिंग कर दी। मगर वह अपनी जान बचाकर घर में घुस गया और गोली दीवार में जा लगी। वहीं गोली के छर्रे वहां खड़ी महिलाओं सुनीता व रानी को जा लगे। वारदात को अन्जाम देने के बाद तीनों बदमाश फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोली का खोल अपने कब्जे में लिया तथा परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि परिजनों के मुताबिक बदमाश पड़ोस के ही रहने वाले बताए गए हैं, जिनकी पहचान भी कर ली गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।