लिंग जांच के बड़े खेल का पर्दाफाश

2/5/2016 7:45:19 PM

 रेवाड़ी (पवन कुमार वर्मा) : लिंगानुपात के मामले में फजीहत झेल रहे हरियाणा के रेवाड़ी व नारनौल में चल रहे लिंग जांच के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। नारनौल प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने रेवाड़ी के अम्बेडकर चौक स्थित मनोहर अल्ट्रासाऊंड सेंटर पर छापेमारी कर दो मशीनों को सील किया है। लिंग जांच का सौदा 14 हजार रुपए में तय हुआ था। गिरोह का पर्दाफाश करते हुए टीम ने रेवाड़ी व नारनौल से चार दलालों सहित मनोहर अल्ट्रासाऊंड सेंटर की लेडी डॉक्टर को भी काबू किया है।

अधिकारियों के अनुसार यह ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और आगे भी इस गिरोह के अन्य लोगों की गिरफ्तारी होने की संभावना है। शुक्रवार दोपहर समय करीब डेढ़ बजे रेवाड़ी के अम्बेडकर चौक स्थित मनोहर अल्ट्रासाऊंड सेंटर पर नारनौल प्रशासनिक अधिकारियों की टीम की एक बाद एक करीब आधा दर्जन गाडिय़ां आकर रूकती है। सभी अधिकारी सिविल ड्रेस में व प्राइवेट गाड़ी में होते हैं। इससे पहले आसपास के लोग कुछ समझ पाते मनोहर अल्ट्रासाऊंड सेंटर पर हंगामा हो जाता है, लेकिन कुछ ही देर मामले से परतें उठनी शुरू हो जाती हैं। 

पता चला है कि मनोहर अल्ट्रा साऊंड सेंटर पर लिंग जांच का खेल चल रहा था और महिला डॉक्टर को लिंग जांच करते हुए रंगे हाथों काबू किया गया है। यह पूरा ऑपरेशन करीब तीन दिन तक चला और छापेमारी की कार्रवाई करीब चार घंटे तक चली। उसके बाद टीम ने लेडी डॉक्टर व चार दलालों को काबू कर लिया।

एसडीएम विवेक कलिया ने माना की रेवाड़ी के पेसेंट महेंद्रगढ़ और महेन्दगढ़ की महिलाओं का रेवाड़ी में लाकर गर्भपात किया जाता था। इस गिरोह के तार राजस्थान से भी जुड़े हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है।