तेज रफ्तार ने बुझाए 2 घरों के चिराग

6/13/2017 3:38:14 PM

रेवाड़ी(वधवा):तेज रफ्तार ने 2 घरों के चिराग बुझा दिए। बाइक पर सवार इन 2 युवकों की भीषण दुर्घटना में जिला के गांव मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के पास एक बिजली के पोल से टकरा कर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भीष्णता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर होने के बाद पोल खून से सन गया और उनकी बाइक चकनाचूर हो गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक जिला महेंद्रगढ़ गांव खेड़ी तलवाना के थे और ससुराल से होकर अपने घर लौट रहे थे। 

जानकारी के अनुसार खेड़ी तलवाना निवासी 27 वर्षीय उत्तम कुमार पुत्र मक्खन लाल व 30 वर्षीय मंजीत पुत्र रत्न लाल रविवार की रात को बाइक पर सवार होकर ततारपुर से अपने गांव जा रहे थे। ततारपुर में उत्तम की ससुराल है। वह अपने साथी मंजीत के साथ ससुराल आया हुआ था। बताया जा रहा है कि लौटते समय उनकी बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण वह असंतुलित हो गई और विश्वविद्यालय के समीप एक बिजली के पोल से जा टकराई। दोनों की हादसे में मौत हो गई। वहां से गुजरने वाले लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। देर रात तक दोनों की पहचान नहीं हो पाई थी। पहचान होने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। बताया जाता है कि दोनों युवकों ने हैल्मेट नहीं पहना हुआ था। उनके सिरों में गंभीर चोटें आई थीं।