फैक्टरी में चोरी करती 2 महिलाएं गिरफ्तार

12/9/2017 1:45:43 PM

झज्जर(संजीत):बेरी के जहाजगढ़ मार्ग पर एक बंद पड़ी फैक्टरी में लोहा चोरी करते हुए दो महिलाओं को रंगे हाथों पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। रानी व सीमा नामक यह दोनों महिलाएं गांव सीसा की रहने वाली हैं। गतदिवस को इन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से इन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी अनुसार बेरी के जहाजगढ़ रोड़ पर प्रदीप की फैक्टरी है। यह फैक्टरी पिछले काफी दिनों से बंद पड़ी है।

इसी फैक्टरी में उक्त दोनों महिलाएं चोरी करने की नीयत से घुसी थी। फैक्टरी के चौकीदार की माने तो इन महिलाओं ने फैक्टरी से करीब दस हजार रूपए का लोहा चोरी कर लिया। चोरी किए हुए लोहे को इन्होंने एक झाड़ी में छिपा दिया और यह उसे लोड कराने के लिए कोई वाहन लेने चली गई। बाद में जब यह दोनों महिलाएं वापस आई तो उसके बाद ही इन दोनों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अदालत में पेश कर दोनों महिलाओं को जेल भेज दिया गया।