6 माह से चल रहे धंधे का भड़ाफोड़...एेसा काम करने पर लड़कियां लेती थीं 40 हजार

7/27/2016 12:49:21 PM

रोहतक: हरियाणा में रोहतक के बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़ होने का मामला सामने आया है। 

 

मिली जानकारी के अनुसार बैंक्वेट हॉल को किराए पर लेकर 6 माह से गोरखधंधा चलाया जा रहा था। यहां दिल्ली से लड़कियां लाकर जिस्मफरोशी कराई जा रही थी। किसी को शक न हो इसलिए मैरिज हॉल को शादी और अन्य समारोहों के लिए किराए पर भी दिया जाता था।

 

शहर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि गोहाना रोड स्थित कमल गार्डन में कई दिनों से देह व्यापार की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद गार्डन की निगरानी शुरू की गई। सोमवार रात सूचना मिली कि गार्डन में देह व्यापार के लिए एक ग्राहक और 2 लड़कियां आई हैं। इस पर उच्च अधिकारियों की अनुमति लेकर महिला पुलिस के साथ छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान गार्डन के मैनेजर राजेंद्र कालोनी निवासी गौतम, बरौदा के छपरा निवासी एजेंट नीरज, गुडान निवासी ग्राहक देवेंद्र और दिल्ली की 2 लड़कियों को गिरफ्तार किया गया है। 

 

गिरोह के संपर्क में जब कोई ग्राहक आता था तो पहले उसकी पूरी प्रोफाइल की जांच की जाती थी। इसके बाद ग्राहक को कई लड़कियों के फोटो व्हाट्स एप पर भेजे जाते थे। जब ग्राहक किसी लड़की को पसंद कर लेता था तो संबंधित लड़की को दिल्ली से लाया जाता था। पुलिस का कहना है कि लड़कियां इस काम के लिए 5 से 40 हजार रुपए तक लेती थी। बाद में स्थानीय एजेंट के माध्यम से लड़कियों को दिल्ली छोड़ दिया जाता था। पुलिस ने देह व्यापार के नेटवर्क को तोड़ने के लिए दिल्ली में भी छापेमारी की तैयारी की है।