दीपेंद्र हुड्डा ने साधा इनेलो पर निशाना

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2015 - 04:29 PM (IST)

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक के कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने इनेलो पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इनेलो अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। मुख्य विपक्षी दल होने के बावजूद प्रदेश में इनेलो की भूमिका समझ से परे है। रोहतक में आज दीपेंद्र हुड्डा ने इनेलो की एक नवंबर को दिल्ली से रोहतक रैली करने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने भी एक साल में कुछ नया नहीं किया। लोग भी अब सवाल उठा रहे हैं कि यह सरकार काम करना कब शुरू करेगी।

आज वे रोहतक के किला रोड पर व्यापारियों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार के शासनकाल के दौरान कार्यों की चर्चा की, वहीं मौजूदा प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। साथ ही इनेलो पर भी निशाना साधा। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इनेलो न तो विपक्ष की भूमिका सही ढंग से निभा रही है और न ही वह पक्ष में नजर आ रही है। ऐसे में इनेलो की क्या भूमिका है, इसे लेकर असमंजस है। एक नवंबर की दिल्ली रैली के रोहतक करने पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इनेलो को अपनी जमीनी हकीकत का पता है। रामलीला मैदान में कांग्रेस की दो बड़ी रैलियों से इनेलो डर गई है।
कांग्रेस सांसद ने प्रदेश की भाजपा सरकार के अब तक के कामकाज पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हर वर्ग सरकार से नाराज है। कर्मचारी अपने वेतनमान को लेकर आंदोलन पर हैं, किसान वर्ग को उसकी हर फसल का सही भाव नहीं मिल रहा है। बुढ़ापा पेंशन को लेकर भी पेंशनधारी परेशान हैं। सरकार ने गरीब आदमी की योजनाओं-राजीव आवास योजना, प्रियदर्शिनी आवास योजना और मनरेगा का बजट भी कम कर दिया है। 
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि वे भी चाहते हैं कि सरकार अच्छा काम करे, अगर अच्छा काम करेगी तो सहयोग करेंगे, लेकिन सरकार ने एक साल के कार्यकाल के दौरान कुछ भी नया नहीं किया। सिर्फ योजनाओं का नाम बदलने के सिवाय। ऐसे में अब लोग भी सवाल उठा रहे हैं कि यह सरकार कब काम करना शुरू करेगी। पंचायत चुनाव में देरी पर कांग्रेस सांसद ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाया। पंचायत चुनाव की छह माह तक प्रक्रिया चल रही है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static