भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी: ग्रोवर

6/11/2017 3:48:30 PM

रोहतक:पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी महासम्पर्क अभियान के समापन पर सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर ने महाराजा अग्रसेन मंडल के काठ मंडी, शिवाजी कालोनी, जनता कालोनी तथा पुरानी हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों का प्रचार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके 11 करोड़ सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष को न्यायोचित ढंग से मनाने तथा उनके एकात्म मानव वाद के सिद्धांत को हरियाणा स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में 26 मई से 10 जून तक महाजनसम्पर्क अभियान चलाया गया।

लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों से अवगत करवाते हुए ग्रोवर ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास के नारे के साथ काम कर रही है और आज पूरे प्रदेश में विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में जहां सरकारी नौकरियां बंद कमरों में बेची जाती थी, आज वही नौकरियां योग्यता के आधार पर युवाओं को मिल रही हैं। केंद्र सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी वर्ष को गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।