अस्पताल में 20 घंटे पड़ा रहा शव, SDM के हस्तक्षेप के बाद हुअा पोस्टमार्टम

1/14/2018 11:50:28 AM

झज्जर(ब्यूरो):झज्जर के नागरिक अस्पताल में अपने मृतक नाती के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए उसके नाना को घंटों इंतजार करना पड़ा। मृतक का शव अस्पताल में करीब 20 घंटे पड़ा रहा लेकिन डयूटी पर मौजूद चिकित्सकों का मृतक के परिजनों के बार-बार गुहार करने के बाद भी मन नहीं पसीजा। बाद में इस मामले की भनक जब आस-पास के लोगों को मिली तो शहर के कई पार्षद व अन्य लोग अस्पताल पहुंचे और वहां अपना आक्रोष जताते हुए इस मामले की शिकायत एस.डी.एम. को की गई। एस.डी.एम. के हस्तक्षेप के बाद ही मृतक के शव का पोस्टमार्टम हो पाया। 

जानकारी अनुसार शहर के बेरी गेट का रहने वाला 21 साल का युवक मोहित पिछले काफी लंबे समय से यहां अपने ननिहाल में रह रहा था। एक जनवरी को मोहित रोहतक गया था और उसी दौरान जब वह एक ऑटो में बैठा हुआ था तो एक ट्रैक्टर की चपेट में आने के चलते मोहित बुरी तरह से जख्मी हो गया था। उसी दौरान उसे पी.जी.आई. में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार करीब सप्ताहभर तक इलाज किए जाने के बाद मोहित को पी.जी.आई. प्रबन्धन ने छुट्टी दे दी लेकिन बीती रात मोहित की एक बार फिर से हालत खराब हो गई।

परिजन उसे उपचार मुहैया कराने के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां बीती रात करीब 9 बजे मोहित ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पूरी रात व शनिवार को पूरा दिन गुजर जाने के बावजूद भी नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों ने उसका इलाज यह कह कर नहीं किया कि मोहित की दुर्घटना रोहतक हुई थी। इसलिए उसका पोस्टमार्टम भी रोहतक पी.जी.आई. में होगा। 

करीब 20 घंटे बाद तक भी जब चिकित्सकों का मन नहीं पसीजा तो परिजन बिफर गए और उन्होंने अपना आक्रोष जाहिर करने के साथ-साथ इस पूरे घटनाक्रम की सूचना अपने पड़ोस के लोगों के साथ-साथ शहर के पार्षदों को दी। बाद मेें सूचना पाकर पार्षद महाबीर गुर्जर, सुरेश, हेमन्त भगाना व पूर्व पार्षद भूदेव अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने चिकित्सकों से बातचीत करने के साथ-साथ इस मामले की सूचना एस.डी.एम. को भी दी। बाद में एस.डी.एम. के हस्तक्षेप के बाद ही मृतक मोहित के शव का पोस्टमार्टम किया जा सका।