सख्ती के बावजूद नहीं रुक रहे किसान, फिर 40 एकड़ धान फसल की पराली जलाई

11/20/2019 1:15:36 PM

रोहतक (मैनपाल) : जिला सहित एन.सी.आर. में बढ़े वायु प्रदूषण को कम करने के लिए एन.जी.टी. व सुप्रीम कोर्ट ने कड़े नियम बनाए हैं, पराली व फसली अवशेष जलाने पर रोक लगाने के साथ जुर्माने का प्रावधान होने के बावजूद जिले के किसान पराली जलाने से पीछे नहीं हट रहे। मंगलवार को शहर से 7 किलोमीटर दूर स्थित गांव सिंहपुरा में करीबन 40 एकड़ धान फसल की पराली जलाई गई।

जानकारी के मुताबिक सरपंच ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन किसान नहीं माने तो प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित किया गया है। देर रात तक मामले में किसी के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज नहीं की गई थी। गांव में पराली सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। बता दें कि जिला प्रशासन ने प्रदूषण को रोकने के लिए एक बड़ा कारण किसानों के पराली को जलाना भी बताया गया है।

इसके रोकथाम के लिए लगातार कोशिशें जारी हैं लेकिन किसान अब भी खेतों की पराली जला रहे हैं। जिले में भी किसानों द्वारा पराली जलाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इसे रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती से निगरानी शुरू कर दी है। जिला प्रशासन की ओर से दर्जन से अधिक किसानों को चिन्हित किया गया। इन सभी किसानों ने अपने खेतों की पराली जलाई। जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक किसान पर हजारों रुपए का जुर्माना लगाया जा चुका है।

Isha