उत्साहित ‘आप’ कार्यकर्ता गलियों में उतर आए: जयहिंद

12/9/2018 10:23:12 AM

रोहतक: केजरीवाल ने 3 साल में स्कूल-अस्पताल ठीक कर दिए तो खट्टर ने 4 साल में क्यों नहीं किए? खट्टर पर सीधा हमला करने वाले आम आदमी पार्टी के इस पोस्टर कैम्पेन को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी भी आक्रामक रही है। पूरे हरियाणा में इस कैम्पेन के होर्डिंग-पोस्टर फाड़े जाने की खबरें आती रही हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस पर ट्वीट करते हुए कहा था कि पूरे हरियाणा में खट्टर सरकार आम आदमी पार्टी के होर्डिंग्स सरकारी मशीनरी से फड़वा रही है।

खट्टर साहब कांग्रेस और इनेलो के होर्डिंग्स नहीं फड़वा रहे। केवल हमारे फड़वा रहे हैं। खट्टर साहिब आम आदमी पार्टी से इतना क्यों डरते हैं? यह कहना है आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद का। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की हरियाणा में ताबड़तोड़ रैलियों से उत्साहित आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता गलियों में उतर आए हैं और घर-घर जाकर यह पोस्टर चस्पा रहे हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रोजाना अपने घर पर हरियाणा के गांव-देहात के लोगों, खासकर सरपंचों, पूर्व प्रधानों और स्थानीय स्तर के अन्य जनप्रतिनिधियों से मिल रहे हैं। हम हर विधानसभा में कम से कम 25,000 पोस्टर चस्पा रहे हैं।

Deepak Paul