बेटे के साथ खेतों में जा रहे किसान को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

2/23/2020 2:13:05 PM

महम (प्रीत) : महम से गोहाना रोड पर गांव खेड़ी के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बेटे के साथ खेत में जा रहे किसान की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की सूचना मिलने के बाद पी.जी.आई. से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। परिजनों ने सायं शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

गांव खेड़ी-महम वासी विनोद ने बताया कि वह अपने पिता राज सिंह के साथ सुबह खेती कार्य करने के लिए खेतों में जा रहे थे। वह गोहाना रोड पर स्थित एक निजी स्कूल से निकले थे कि अचानक तेज गति में आई कार ने उसकेे पिता राज सिंह को पीछे से सीधी टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। कार की टक्कर लगने से उसका पिता रोड पर जा गिरे और गंभीर चोटें आई।

उन्होंने तत्काल अपने पिता को संभालना और हादसे की सूचना पारिवारिक सदस्यों को दी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वह तत्काल राज सिंह को चिकित्सा सुविधा प्रदान कराने के लिए वाहन से हॉस्पिटल ले जा रहे थे लेकिन हादसे में लगी गंभीर चोटों की वजह से राज सिंह ने बीच रास्ते ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने विनोद की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी।

Isha