PICS: ये फ्लाइंग अफसर भी उड़ा रहा था मिसिंग प्लेन, 4 महीने बाद होने वाली है शादी

7/25/2016 3:40:51 PM

रोहतक: 3 दिन पहले चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर जाते वक्त लापता हुए इंडियन एयरफोर्स के एएन-32 का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। बता दें कि इस मिसिंग प्लेन में हरियाणा के रोहतक जिले का पंकज नांदल भी था। इस प्लेन को पंकज नांदल भी उड़ा रहे थे। विमान लापता होने की खबर से पंकज के घर में सन्नाटा छाया हुआ है। 


जानिए कौन हैं पंकज नांदल
जानकारी के मुताबिक पंकज का परिवार फिलहाल रोहतक में किराए के मकान में रह रहा है। 25 साल के पंकज ने 2014 में कमिशन हासिल किया उसके बाद वह कोयम्बटूर फ्लाइंग में ऑफिसर के पद पर तैनात हो गया। पंकज के पिता कृष्ण भी एयरफोर्स से जूनियर वारंट ऑफिसर के तौर पर रिटायर हो चुके हैं। पंकज जनवरी में आखिरी बार घर आए थे। खास बात तो यह है कि इस साल 13 नवंबर को पंकज की शादी होनी है। लेकिन उसका अभी लापता होने का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। 21 जुलाई को उसकी मां ऊषा से बातचीत हुई थी।


इस दौरान परिवार का हालचाल पूछा था, जबकि परिवार ने शादी की तैयारियों के बारे में बताया था। इतना ही नहीं उसके परिवार को 22 जुलाई को प्लेन के लापता होने की खबर मिली। उसी दिन से वे लगातार वायुसेना के अधिकारियों के संपर्क में हैं। उन्हें उम्मीद है कि पंकज घर लौटेगा। वहीं बेटे के लापता होने के चलते मां का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। टी.वी. पर सिर्फ न्यूज चैनल के आगे पूरा परिवार बैठा है और लगातार हर किसी की नजरें चेन्नई एयरक्राफ्ट की खबरों पर टिकी हैं।


भिवानी की दीपिका भी है शामिल
बता दें कि लापता हुए प्लेन में हरियाणा की दीपिका भी थीं, जो एक हफ्ते पहले ही पति के साथ छुट्‌टी काटकर पोर्ट ब्लेयर लौटी थी। बीटेक कंप्यूटर इंजीनियर की डिग्री के बाद दीपिका ने 2013 में एयरफोर्स जॉइन की। नवंबर 2015 में उसकी शादी हुई थी। हालांकि लापता प्लेन में ड्राइवर ग्रुप के 6 सदस्यों समेत 29 लोग सवार हैं। 18 से ज्यादा नेवी व कोस्ट गार्ड शिप, एक सबमरीन, 8 हवाई जहाज व कई ड्रोन्स सर्च ऑपरेशन में लगे हैं। खराब मौसम भी सेना के लिए एक चुनौती है। सर्च एरिया में पानी की गहराई करीब 3,500 मीटर है।