गुरुद्वारा टिकाणा साहिब पर मलकीयत को लेकर विवाद में प्रशासन पर उठाए सवाल

11/19/2015 1:24:51 PM

रोहतक: गुरुद्वारा टिकाणा साहिब के महंत रहे सरदार परमजीत सिंह की मौत के बाद डेरे की मलकीयत को लेकर उठा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसी मामले में आज स्व. महंत परमजीत सिंह की पत्नी बीबी कौर भाजपा नेत्री कांता आहलडिय़ा के साथ मीडिया के सामने आई और पुलिस के साथ सिविल एडमिनिस्ट्रेशन तथा भाजपा विधायक की नीयत पर गंभीर सवाल उठाते हुए सुबक पड़ी। प्रैस कांफ्रैंस में बीबी कौर बार-बार आंसुओं को रोकने का प्रयास करती रही तो भाजपा नेत्री कांता आहलडिय़ा ने अपनी ही पार्टी के विधायक मनीष ग्रोवर के अलावा पुलिस तथा सिविल एडमिनिस्ट्रेशन पर गंभीर सवाल उठाते हुए इस मामले में व्यवसायी अवतार सिंह कोचर उर्फ डोली सरदार व व्यवसायी रवि गुगनानी तक के खिलाफ सी.बी.आई. जांच तक की मांग कर डाली।

कांता ने अपनी ही सरकार होने के बावजूद भाजपा विधायक मनीष ग्रोवर पर न केवल गंभीर आरोप जड़े बल्कि यह तक कह डाला कि पुलिस एवं प्रशासन इन कुछ लोगों के दबाव के आगे नपुंसक साबित हो रहा है और एक महिला को उसके पति की मृत्यु के बाद साजिश रचकर घर से बेघर कर दिया गया है। कांता ने प्रैस कांफ्रैंस में शहरी विधायक ग्रोवर ही नहीं बल्कि प्रशासन पर भी माफिया के हाथों बिके होने के आरोप लगाए और कहा कि वे चुप नहीं बैठने वाली।

इस मामले में वे रोहतक ही नहीं सी.एम. के शहर करनाल में पहुंचकर नैशनल हाईवे भी जाम करेंगी। उन्होंने रोहतक के डी.एस.पी. पवन कुमार शर्मा को बर्खास्त करने की मांग भी की तथा कहा कि डेढ़ महीना होने के बावजूद बीबी कौर की शिकायत पर कोई एक्शन नहीं लिया जाना साबित करता है कि पुलिस माफिया के हाथों बिकी पड़ी है। जिसका घर है उस विधवा औरत को ही अपने घर में आखिर कौन से कानून के तहत नहीं घुसने दिया जा रहा?

कांता ने कहा कि डेरे पर कब्जे की साजिश में सरदार अवतार सिंह डोली व रवि गुगनानी के अलावा रूबी चावला आदि कई लोग शामिल हैं। उन्होंने डोली व गुगनानी पर और भी कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग हरियाणा के कई आई.ए.एस. व आई.पी.एस. अधिकारियों का ब्लैक मनी संभालते हैं और इसीलिए अधिकारी लोग इनके यहां हाजिरी मारते रहते हैं। इस पूरे नैक्सस की सी.बी.आई. से जांच होनी जरूरी है।

एक सवाल के जवाब में कांता ने कहा कि वे बेशक भाजपा में हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे किसी महिला पर जुल्म होता चुपचाप देखती रहें। पार्टी का आंतरिक लोकतंत्र उनको जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने की इजाजत देता है और वे किसी भी सूरत में भाजपा नहीं छोडऩे वाली। हां, पार्टी अगर उन पर कोई एक्शन लेना चाहे तो यह पार्टी का फैसला हो सकता है। कांता ने सी.एम. मनोहर लाल पर भी अनदेखी के आरोप लगाए और कहा कि उनसे मिलने के लिए समय लेने के अनेक प्रयास कर चुकी हैं लेकिन समय ही नहीं मिल रहा।


क्रिया लंगर कर्म नहीं होने तक नंगे पैर रहूंगी : बीबी कौर

बीबी कौर ने कहा कि जब तक उनके पति का विधिपूर्वक क्रिया लंगर कर्म नहीं कर देंगी वह नंगे पैर रहेंगी। मीडिया से बातचीत के दौरान बीबी कौर कई दफा आंसू पौंछते नजर आई और जिला प्रशासन व उपरोक्त लोगों पर खुद को बेघर करने का आरोप लगाया।