फर्जी डिग्री मामले में ‘आप’ विधायक कमांडो पर केस दर्ज (Video)

8/2/2016 1:18:01 PM

झज्जर: दिल्ली की ‘आप’ सरकार के विधायकों के कानूनी शिकंजे में फंसने का क्रम टूट नहीं रहा है। मूल रूप से झज्जर के गांव छारा निवासी सुरेंद्र कमांडो आम आदमी पार्टी से दिल्ली के कैंट क्षेत्र में विधायक हैं। सुरेंद्र की ओर से फर्जी डिग्री के आधार पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, झज्जर में एक साल से ज्यादा नौकरी करने का मामला सामने आया है। 

 

दिल्ली के ही कैंट क्षेत्र से पूर्व विधायक कर्ण सिंह तंवर ने आर.टी.आई. के माध्यम से सेना व हरियाणा शिक्षा विभाग के साथ-साथ सुरेंद्र कमांडो की ओर से दी गई बी.ए. की  डिग्री  से संबंधित संस्थान से उनकी शिक्षा के बारे में जानकारी जुटाई। इसके आधार पर कर्ण सिंह ने झज्जर थाने में एक लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि सुरेंद्र कमांडो वर्ष 2011 तक  सेना  में  नौकरी  पर  कार्यरत रहे।

 

इसी दौरान उन्होंने  बी.ए. की 3 वर्षीय रैगुलर डिग्री किसी संस्थान से की। इसी डिग्री के आधार पर सेना से रिटायरमैंट के बाद झज्जर के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वोकेशनल ट्रेनर के तौर पर सुरेंद्र ने नौकरी ज्वाइन की और एक साल से ज्यादा इस सेवा में रहे। 

 

इसके बाद दिल्ली विधानसभा का चुनाव लडऩे के दौरान भी उन्होंने अपनी बी.ए. पास की योग्यता चुनाव कार्यालय में दी जो कि धोखाधड़ी व जालसाजी का मामला बनता है। कर्ण सिंह की शिकायत पर पुलिस ने सुरेंद्र कमांडो के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।