जातिवाद खत्म करने के लिए अंतर्जातीय विवाह को दें बढ़ावा: अठावले

9/25/2016 1:19:47 PM

रोहतक: केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि जातिवाद जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए अंतर्जातीय विवाह को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा देना होगा। राज्य सरकारों को भी अंतर्जातीय विवाह करने वालों के लिए योजनाएं बनानी चाहिएं। वहीं, उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी को सबक सिखाने के लिए युद्ध की जरूरत पड़े तो युद्ध भी होना चाहिए। वह शनिवार को सिंचाई विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार कर रहा है जिसके तहत अंतर्जातीय विवाह करने वालों के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर काम होगा। वर्तमान में मंत्रालय अंतर्जातीय विवाह करने वालों को अढ़ाई लाख रुपए का अनुदान देता है। 

नई योजना में इस राशि को बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। राज्य सरकारों को अंतर्जातीय विवाह करने वालों के लिए अनुदान राशि के साथ-साथ सरकारी नौकरी जैसी योजनाओं की घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उनके मंत्रालय द्वारा देश के 68 लाख अनुसूचित जाति और 72 लाख अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। वृद्धाश्रमों के लिए भी योजना अनुसार हर साल अनुदान राशि और अक्षम लोगों को भी मंत्रालय द्वारा सहायता प्रदान की जाती है। इसके अलावा मंत्रालय के अंतर्गत बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेदकर फाऊंडेशन भी चलाई जाती है जिसके तहत सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने उड़ी हमले की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान हमेशा आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देता है और कश्मीर पर अपना हक जताता है लेकिन कश्मीर केवल भारत का है। भारत दोस्ती चाहता है लेकिन पाकिस्तान बार-बार हमले करवाकर इसे तोडऩे की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान जैसे आतंकवाद समर्थित देश को एक बार सबक सिखाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अमरीका, रूस व चाइना जैसे सभी बड़े देशों को इस मुद्दे पर भारत का साथ देना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि संविधान में संशोधन कर सभी जरूरतमंद जातियों को आरक्षण दिया जाना चाहिए। इस निर्णय से सबको न्याय मिलेगा और सामाजिक व आर्थिक समानता आएगी। 

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कलाकारों को देश से निकालने से काम नहीं चलेगा। मानवता के आधार पर उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भारत की है। इस अवसर पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के राष्ट्रीय सचिव कुंदन चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष अनिल बाबा व पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।