यशपाल मलिक ने सांसद सैनी पर साधा निशाना

8/23/2016 2:54:36 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज): 27 अगस्त को रोहतक में जाट समुदाय की भाईचार रैली सरकार को जवाब देने के लिए की जा रही है, क्योंकि प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार ने प्रदेश में भाईचारा तोड़ने का काम किया है। यह कहना है अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समीति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक का। 

 

प्रैसवार्ता में बोलते हुए यशपाल मलिक ने कहा कि इस भाईचार रैली का उद्देश्य प्रदेश में भाईचारा कायम करना है और प्रदेश की भाजपा सरकार को प्रदेश की जनता का जवाब भी होगा। भाजपा ने साजिश के तहत भाईचारा तोड़ने का काम किया है। 

 

उन्होंने कहा कि जाटों के आरक्षण से दलितों, बीसी एबी.सीबी. को कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन भाजपा सरकार ने एक जाति को टारगेट बनाकर अपना वोट बैंक जमाने की साजिश रची थी। अब एक बार फिर से साजिश रचने का काम किया जा रहा है। भाजपा के सांसद राजकुमार सैनी को प्रदेश के शहरों में भेजकर घृणा फैलाने का काम करवा रही है। साथ ही उन्होंने राजकुमार सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि जाट आरक्षण को लेकर 2010 के बाद जाट आरक्षण को लेकर कई आंदोलन हुए, लेकिन उस समय राजकुमार सैनी ने जाट आरक्षण का कोई विरोध नहीं किया, लेकिन भाजपा में आने के तुरंत बाद उन्होंने यह साजिश रची।

 

राजकुमार सैनी या तो एक जाती को टारगेट बना कर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनना चाहते थे या फिर प्रदेश की भाजपा के आला नेताओं के इशारे पर उन्होंने भाईचारा तोड़ने का काम किया। अगर वे मुख्यमंत्री बनना चाहते थे तो यह सरकार की इंटैलिजैंस फेल रही है। इस मामले की सीबीआई से जांच होनी चाहिए, लेकिन सरकार जांच से पीछे हट रही है।