हरियाणवी सिंगर सपना चौधरी के Fans के लिए खुशखबरी

9/12/2016 1:39:49 PM

बहादुरगढ़: हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी के लाखों चाहने वालों के लिए एक खुशखबरी है। बताया जा रहा है कि क्लिफ्टन अस्पताल नजफगढ़ में भर्ती सपना चौधरी के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। रविवार को उसे आई.सी.यू. से जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक पर्याप्त स्वास्थ्य लाभ के लिए उन्हें अभी कुछ दिन और अस्पताल में रहना होगा। वहीं सपना के प्रवक्ता व ड्राइवर कदम सिंह बणिया का कहना है कि सोशल मीडिया में चल रही खबरें अफवाह है। उन्होंने बताया कि सपना अब ठीक हैं। उनको आई.सी.यू. में रखने की जरूरत नहीं है। 


उन्होंने सोशल मीडिया पर ऐसी झूठी खबरें फैलाने वालों की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी कलाकार के स्वास्थ्य के बारे में कोई ऐसे खबरें कैसे फैला सकता है। उन्होंने कहा कि ये जो कोई भी हो वह अपनी इस गलत हरकतों में कामयाब नहीं हो पाएंगे। साथ ही कोर्ट की ओर से सपना की अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद यह भी आशंका जताई जा रही है कि गुड़गांव पुलिस सपना को कभी भी गिरफ्तार कर सकती है। हालांकि अस्पताल में भर्ती बीमार व्यक्ति को गिरफ्तार करना संभव नहीं है। इसलिए पुलिस सपना की अस्पताल से छुट्टी होने का इंतजार कर रही है।


आपको पता है कि सपना चौधरी हरियाणा की मशहूर डांसर और रागिनी शैली की सिंगर हैं। 9 साल की उम्र से ही उन्होंने डांस और गाने को करियर बना लिया था। उनका गाया हुआ एक गीत ‘है सॉलिड बॉडी'' लोगों के बीच बेहद मशहूर है। सपना का जन्म 25 सितंबर 1990 में रोहतक में मध्यवर्गीय परिवार में हुआ था। उसके पिता के निधन के बाद मां नीलम चौधरी और भाई-बहनों की जिम्मेदारी सपना के कंधों पर आ गई। सिंगिंग और डांसिंग को न सिर्फ अपना करियर बनाया बल्कि इसी के दम पर अपने पूरे परिवार को चलाया।