कै. अभिमन्यु के आरोपों पर हुड्डा समर्थकों ने जताई कड़ी प्रतिक्रिया

7/16/2018 9:27:25 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व हरियाणा के पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा ने वित्त मंत्री कै. अभिमन्यु को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वित्त मंत्री पहले यह स्पष्ट करें कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जाट आरक्षण आंदोलन में उनकी संलिप्तता के आरोप किस आधार पर लगा रहे हैं? क्या कोई ऐसी जांच हुई है या सबूत मिले हैं, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री की भूमिका पाई गई हो? स्वयं सरकार द्वारा गठित प्रकाश सिंह कमेटी ने जाट आरक्षण आंदोलन में हुए जान-माल के नुक्सान के लिए व मामले से निपटने में हुई विफलता के लिए सी.एम.ओ. को दोषी ठहराया है तथा भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर कोई आक्षेप नहीं लगाया। कै. अभिमन्यु अपनी झूठी बयानबाजी के लिए माफी मांगें या ऐसा नहीं किया तो कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार हो जाएं।

कृष्णमूर्ति हुड्डा ने कहा कि अच्छा हुआ कि कै. अभिमन्यु पहले ही फौज छोड़कर आ गए वरना पता नहीं कहां निशाना लगाते? सच्चाई यह है कि जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के असली गुनाहगार पकड़े ही नहीं गए, क्योंकि उन्हें सरकार का संरक्षण मिला हुआ है। मेरे बेटे गौरव हुड्डा समेत अनेक युवाओं को व्यक्तिगत रंजिश के कारण झूठा फंसाया गया है। असली आरोपी को बचाने के उद्देश्य से ही सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के सेवारत न्यायाधीश से जांच करवाने से इन्कार कर दिया।

उन्होंने कहा कि कै. अभिमन्यु, भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर बेबुनियाद आरोप लगाकर राजनीति में उनको पीछे धकेल देंगे तो वे मुगालते में हैं। कै. अभिमन्यु पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं, पर मंत्री बनकर जितना अहंकार पाल लिया है और विरोधियों पर जिस तरह झूठे आरोप लगा रहे हैं, यह सब उनके राजनीतिक जीवन पर विराम लगाने का ही काम करेगा। कृष्णमूर्ति हुड्डा ने कहा कि भाजपा आने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनावों में मुंह की खाने वाली है, क्योंकि हरियाणा की जनता और सभी वर्ग/समुदाय भाजपा सरकार से बेहद खफा हैं। हालात यह हैं कि अधिकांश भाजपा प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएंगे, जिनमें कै. अभिमन्यु भी शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जनक्रांति यात्रा में मिल रहा अपार जन समर्थन का संकेत भी यही कहता है। 

2019 के चुनाव में कांग्रेस सत्ता में आने पर प्रकाश सिंह कमेटी की रिपोर्ट पर कार्रवाई करेगी और खनन में हुई धांधली व भाजपा सरकार में हुए घोटालों की जांच करवाएगी। कै. अभिमन्यु अपने विरोधियों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में भी झांक लें। भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने खनन में हुए भ्रष्टाचार के खेल को जिस तरह उजागर किया है और तलख टिप्पणियां की हैं यह बात कैप्टन को ध्यान में रखनी चाहिएं।

Rakhi Yadav