बीरेंद्र सिंह ने पाकिस्तान से वार्ता किए जाने की वकालत की

2/11/2016 10:30:36 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज) :केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री बीरेंद्र सिंह ने पाकिस्तान से वार्ता किए जाने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि वार्ता होना मानवता और दक्षिण एशिया भू भाग क लिए अच्छी बात है। हर पड़ोसी देश से संबंध मधुर होने चाहिएं। मनरेगा पर उठ रहे सवालों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले साल के मुकाबले ढाई हजार करोड़ रूपए ज्यादा दिए गए हैं। उन्होंने लांसनायक हनुमनथप्पा कोप्पाड़ की शहादत को भी सलाम किया है। 

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री बीरेंद्र सिंह आज यहां छोटूराम जयंती समारोह में शिरकत करने के लिए आए थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर राय प्रकट की। पाकिस्तान से वार्ता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एशिया खास तौर पर दक्षिण एशिया में भारत की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है। हर पड़ोसी देश से संबंध मधुर होने चाहिए और यह तभी संभव है जब सोच में समानता हो। भारत-पाक के लाग दुर्भावना के शिकार नहीं हैं। 

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आतंक का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकियों को पैदा करने वाले देश में आज आतंकी ही सिरदर्द बने हुए हैं। वार्ता होना मानवता और दक्षिण एशिया भू भाग के लिए अच्छी बात है। आज दुनिया में आईएसआईएस आतंक का मुखौटा बन चुका है और पूरी दुनिया इसके खिलाफ उठ खड़ी हुई है।

मनरेगा  

मनरेगा पर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे फंड में कटौती के आरोपों का भी केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने विपक्ष के आरोपों कोे झूठा करार दिया और कहा कि मनरेगा के लिए इस बार ढाई हजार करोड़ रुपए ज्यादा दिए गए हैं। सरकार ने मनरेगा को ओर सशक्त करने के लिए काम किए हैं और भविष्य में भी मनरेगा योजना को बढ़ावा देने पर बल रहेगा। उन्होंने बताया कि देश में कोई भी ऐसा राज्य नहीं है जहां मनरेगा योजना का पैसा लंबित हो। आंध्र प्रदेश देश में मनरेगा योजना के तहत सबसे अच्छा काम कर रहा है। सरकार ने अकेले आंध्रप्रदेश को मनरेगा योजना के तहत तीन हजार करोड़ रूपए आबंटित किए हैं। 

सलाम किया


बीरेंद्र सिंह ने सियाचिन में हिमस्खलन का शिकार हुए लांसनायक हनुमनथप्पा कोप्पाड़ की शहादत को भी सलाम किया। उन्होंने कहा कि हनुमनथप्पा की शहादत पर देश को गर्व है। हमारे देश के जवान 20-20 हजार फुट की ऊंचाई पर देश की सुरक्षा कर रहे हैं। हमें देश के सभी जवानों पर नाज है। उन्होंने कहा कि सियाचिन में शहीद हुए जवानों की कुर्बानी युद्ध के दौरान शहीद होने वाले जवानों के ही समान है। एक अन्य सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत प्रजातांत्रिक देश है और सभी को अपने विचार व्यक्त करने का हक है।