मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने किया विरोध प्रदर्शन

6/20/2019 11:55:20 AM

रोहतक(दीपक): मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले विभिन्न कर्मचारी संगठनों व यूनियनों ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। मौके पर एस.डी.एम. को ज्ञापन सौंपते हुए संघ के सदस्यों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो वह बड़ा आंदोलन करने पर विवश हो जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन की होगी। 

प्रदर्शन से पूर्व संघ के सदस्य महावीर पार्क में एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष कुलदीप अत्री तथा जिला मंत्री प्रवीण कुमार ने कहा कि पहले भी कई बार भारतीय मजदूर संघ हरियाणा सरकार के समक्ष ज्ञापन देकर अपनी जायज मांगे प्रस्तुत कर चुका है और मुख्यमंत्री ने 4 जनवरी को बातचीत के लिए बुलाया था। उस समय कर्मचारियों व मजदूरों की कई मांगों पर सहमति भी बन गई थी लेकिन आज तक उन्हें लागू नहीं किया गया, जिसके कारण कर्मचारियों व युवा मजदूरों में भारी रोष है।

इसके साथ ही उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। प्रशासन की तरफ से उन्हें रोकने का प्रयास किया गया और उनके जुनून को देखते हुए लघु सचिवालय के मेन गेट को बंद करवा दिया व भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया। काफी जद्दोजहद के बाद प्रशासन की तरफ से एस.डी.एम. मेन गेट पर आए, उसके बाद सौहार्दपूर्ण माहौल में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा और मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की।

एस.डी.एम. ने आश्वासन दिया कि उनका मांग पत्र मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार तक पहुंचा दिया जाएगा। इस धरने-प्रदर्शन में एच.एस.ई.बी. डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के प्रदेश प्रधान अभिमन्यु धनखड़, भवन निर्माण से जिला महामंत्री प्रदीप सैनी, तहसील प्रधान संदीप, बहु तहसील प्रधान महम राजवीर तंवर, ऊषा, सीमा, जगबीर, जोङ्क्षगद्र मोर, पवन सैनी, विकास यादव स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आशा, बिजली निगम की तरफ से रविंद्र हुड्डा, बी.एस.एन.एल. से हर्ष, शूगर मिल से कृष्ण सहित सैंकड़ों कर्मचारी शामिल रहे। 

Pooja Saini