संदिग्ध अवस्था में विवाहिता की मौत, मामला दर्ज

3/23/2019 1:20:10 PM

महम (प्रीत): बहलबा गांव में फंदा लगाने के कारण रेलवे पुलिस कर्मचारी की पत्नी की मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर बेटी की हत्या या फिर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। मृतका की मां की शिकायत पर 6 के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। एफ.एस.एल. एक्सपर्ट ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। हिसार के बांडाहेड़ी गांव की रहने वाली अंजू की शादी वर्ष 2012 में बहलबा गांव के रेलवे पुलिस के जवान मनोज के साथ हुई थी।

मध्य रात्रि अचानक छोटे बेटे मनोज की पत्नी अंजू द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना से पूरा परिवार दहल गया। अंजू द्वारा फंदा लगाकर आत्म हत्या करने की सूचना मायके मुंढाल-भिवानी वालों को दी। अंजू की मौत की सूचना पाकर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि अंजू को पति मनोज के अलावा ससुर आजाद सिंह, सास, ननद, जेठ व जेठानी ने हत्या या आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। जांच अधिकारी एस.आई. ईश्वर सिंह ने बताया कि बीरमति की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए एफ.एस.एल. टीम की मदद की ली गई। पी.जी.आई. रोहतक से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

kamal