दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाला

11/25/2017 3:17:22 PM

सांपला (सोनू):दहेज की मांग पूरी न होने के चलते एक विवाहिता को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने सांपला पुलिस में ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांधरा निवासी रूबी ने सांपला पुलिस को बताया है कि उसका पति परमवीर, ननद, सास, देवर व मामा ने उसे दहेज के चलते घर से निकाल दिया है। पीड़िता ने बताया कि उनका विवाह हिन्दू रीति-रिवाजों के अनुसार 20 मार्च 2017 को हुआ था जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए बार-बार दबाव बना रहे थे और जब रूबी ने दबाव का विरोध किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस में दी शिकायत में पीड़िता ने आरोपी ससुराल वालों पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। वहीं सांपला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।