‘हर व्यक्ति समझे स्वच्छता की जिम्मेदारी’

10/1/2016 4:15:49 PM

रोहतक: हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता की जिम्मेदारी समझनी होगी, तभी दूसरे लोगों को इस बारे में जागरूक किया जा सकता है। 2 अक्तूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर विशेष स्वच्छता अभियान की शुरूआत होगी।


सम्बंधित अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि यह अभियान केवल 2 अक्तूबर तक सीमित न रहे बल्कि लगातार चले। ग्रोवर शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में स्वच्छता अभियान को लेकर निगम के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता का विषय किसी एक व्यक्ति से सम्बंधित नहीं है, सफाई सबके लिए बराबर है। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री ने स्वच्छता को अपने एजैंडे में रखा है। प्रत्येक व्यक्ति को सफाई के मामले में स्वयं की जिम्मेदारी समझनी होगी, तभी वह दूसरे लोगों को जागरूक कर सकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम सुनिश्चित करे कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगने वाली रेहडिय़ों से इधर-उधर कूड़ा न फैंका जाए। उन्होंने निगम अधिकारियों को रोहतक के मेन बाजारों की सफाई के निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र का कोई भी स्थान सफाई अभियान से अछूता न रहे। इसके लिए विभिन्न एसोसिएशन का सहयोग भी लिया जाए। रामलीला के आयोजक भी सफाई का विशेष ध्यान रखें। सफाई अभियान की हर हफ्ते समीक्षा की जाएगी।

बैठक के दौरान निगम आयुक्त अतुल कुमार ने कहा कि 2 अक्तूबर को ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वच्छता अभियान में शामिल करने का काम करें। बैठक में विभिन्न अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता को लेकर सुझाव दिए गए। निगम आयुक्त ने मिले सुझाव पर कहा कि जनभागेदारी सुनिश्चित करने के दृष्टिगत प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता दूत बनाए जा सकते हैं। 2 अक्तूबर को निगम द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप बनाने की भी कोशिश की जाएगी जिसके माध्यम से लोग गंदगी के सम्बंध में शिकायत कर सकेंगे। प्रशासन क्षेत्र को पॉलीथिन मुक्त करने पर भी विचार कर रहा है। बैठक में निगम के संयुक्त आयुक्त अरविंद मल्हान और निगम के सहायक नगर योजनाकार के.के. वाष्र्णेय सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।