एस.डी.ओ. व रिवर्ट मामले में गुस्साए बिजली कर्मचारियों ने भरी हुंकार

12/6/2019 1:48:26 PM

रोहतक (मैनपाल) : आल हरियाणा पावर कार्पोरेशन्ज वर्कर यूनियन की स्टेट कमेटी के आह्वान पर वीरवार को जिला इकाई के कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने सी.एम. समेत अतिरिक्त मुख्य सचिव (ए.सी.एस.) के नाम अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। बिजली निगम के अधिकारी ने आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही आपकी बात आलाधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी।

कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि अनुचित तरीके सेअधिकारियों व कर्मचारियों को हटाने व रिवर्ट करने की नीति को किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। अगर, समय रहते मामले में कर्मचारियों की सभी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने को मजबूर होंगे। वहीं, प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए यूनिट प्रधान राम सिंह नेहरा ने अपने संबोधन में गुरुग्राम सर्कल की सब-यूनिटों को निजी हाथों में सौंपने का विरोध किया।

इस अवसर पर बीर सिंह, कुलदीप, जोगिन्द्र दांगी, जितेंद्र बुधवार, विजय पाल मलिक, सुनील, राजेश, विक्रमजीत, सीताराम, दीपक, मनीष शर्मा, विरेंद्र समेत अन्य कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। यूनिट के सचिव प्रवीण ने बताया कि डिपार्टमैंटल अकाऊंट एग्जाम (डी.ए.ई.) क्लीयर नहीं करने पर बिजली निगम ने 5 एस.डी.ओ. को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। इन 5 एस.डी.ओ. में से एक एच.बी.वी.एन. का और 4 डी.एच.बी.वी.एन. के थे।

ये सभी एस.डी.ओ. वर्ष 2010 में परीक्षा उत्तीर्ण कर नियुक्त हुए थे। नौकरी के नौ साल बाद डिपार्टमैंटल एग्जाम क्लीयर नहीं करने पर निगम ने इनको वापस घर बिठा दिया है, जो की गलत है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि इन आदेशों को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए।

Isha